कैंसर जागरूकता अभियान

संस्थाएं

कैंसर जागरूकता अभियान

गंगाशहर। अभातेममं द्वारा वर्षभर चलाए गए कैंसर जागरूकता अभियान के अंतर्गत तेरापंथ महिला मंडल गंगाशहर ने विभिन्न चरणों में आयोजित कार्यशालाओं के एक चरण को आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के साथ साझा किया। उन्हें समझाया गया कि कैंसर का इलाज कठिन जरूर है, लेकिन असंभव नहीं। मरीजों को प्लास्टिक, अखबार और फॉयल पेपर के उपयोग से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देकर इनके उपयोग से बचने की सलाह दी गई। मंडल की बहनों ने स्वास्थ्य संबंधी कुछ अनुप्रेक्षाएं एवं कायोत्सर्ग का अभ्यास कराया। वहाँ उपस्थित डॉक्टरों को इस अभियान की जानकारी दी गई, जिसे उन्होंने सराहा और भविष्य में संयुक्त कार्यशालाएं आयोजित करने का आश्वासन दिया।
डॉ. नीति शर्मा ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर सुरक्षा कर्मियों के माध्यम से प्लास्टिक, अखबार और फॉयल पेपर में खाने-पीने का सामान लाने वालों की जांच करवाने और इसे रोकने का आश्वासन दिया। डॉ. पंकज टांटिया ने बच्चों के वैक्सीनेशन की जानकारी प्रदान की। पैलिएटिव यूनिट के डॉक्टरों ने जीवन के अंतिम चरण में पहुंचे मरीजों को प्रेरित करने के तरीकों पर चर्चा की। कार्यशाला के सफल आयोजन पर डॉक्टरों, अध्यक्ष और मंत्री द्वारा परस्पर आभार व्यक्त किया गया। इस कार्यशाला में अध्यक्ष संजु लालाणी, पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य कविता चोपड़ा, सरोज भंसाली एवं साधारण सदस्य शांति सेठिया और सरिता आंचलिया ने अपनी सेवा प्रदान की।