अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विविध आयोजन

संस्थाएं

हैदराबाद

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विविध आयोजन

अभातेममं के निर्देशन में तेरापंथ महिला मंडल हैदराबाद द्वारा स्वरधारा एवं प्रेरणा सम्मान का आयोजन साध्वी डॉ. गवेषणाश्री जी के सान्निध्य में तातेड़ भवन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत साध्वीश्री द्वारा नमस्कार महामंत्र से की गई। मंडल की बहनों ने अलग-अलग काव्य विधा में प्रेरणा गीत का संगान किया। अध्यक्ष कविता आच्छा ने आगंतुक मेहमानों व बहनों का स्वागत किया। साध्वी मयंकप्रभा जी, साध्वी दक्षप्रभा जी व साध्वी मेरुप्रभा जी ने गीतिका व वक्तव्य के माध्यम से महिला के सृजन, विकास व संघर्ष पर प्रकाश डाला। स्वरधारा कार्यक्रम में जैन व जैनेतर समाज की 13 कवयित्रियों ने काव्यपाठ किया। प्रेरणा सम्मान साहित्य के क्षेत्र में विशेष पहचान बनाने वाली सुषमा बैद को दिया गया। साथ ही स्थानीय स्तर पर अपनी कलम से मंडल को विशिष्ट सेवाएं देने वाली दो कवयित्रियों सरला प्रकाश भूतोड़िया व हर्षलता दुधोड़िया को भी प्रेरणा सम्मान से नवाजा गया। स्वरधारा में भाग लेने वाली कवियित्रियों का तेरापंथ महिला मंडल की ओर सम्मान किया गया। साध्वी डॉ गवेषणाश्री जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं ने आज बहुत प्रवर्धन किया है। अब समय है वर्तमान के परिमार्जन व भावी दिशाओं के निर्धारण का, नारी के मौलिक गुणों की सुरक्षा का। प्रेरणा सम्मान का वाचन यशोदा जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन मनीषा सुराणा व मीनाक्षी सुराणा ने किया। आभार ज्ञापन सह मंत्री शीतल सांखला द्वारा किया गया।