
संस्थाएं
तिन्नाणं तारयाणं सूत्र के साथ निरन्तर गतिमान हैं साधु-साध्वी
आचार्यश्री महाश्रमण जी की सुशिष्या साध्वी कुन्दनरेखाजी एवं गुरु संदेशवाहक बन कर आये मुनि अभिजीत कुमार जी का आध्यात्मिक मिलन हीरालाल गेलड़ा के निवास स्थान पर हुआ। इस अवसर पर साध्वी कुन्दररेखा जी ने कहा- तेरापंथ धर्मसंघ में नित नये इतिहास का सृजन होता रहा है। भैक्षव शासन अध्यात्म के आकाश को छूने की तरफ यात्रायित है। तिन्नाणं तारयाणं सूत्र को चरितार्थ करते हुए इस धर्मसंघ के साधु-साध्वी निरन्तर गतिमान हैं।
सर्व प्रथम संदेशवाहक बनकर मुनिश्री ने आचार्य प्रवर के पावन कर कमलों से लिखित पत्र को जैसे ही प्रदान किया, साध्वी कुन्दनरेखा जी आदि साध्वियों के कण-कण में खुशियों का संचार होता देखा गया। इस अवसर पर साध्वी कुन्दनरेखाजी ने कहा यह पत्र हमारे आध्यात्मिक जीवन की प्रगति एवं विकास का मात्र पर्याय नहीं, बल्कि सुरक्षा छत्र है। साध्वीश्री ने आगे कहा मुनिद्वय एक लम्बी यात्रा हेतु प्रस्थान के लिए तैयार हैं। विनय, विवेक, विद्या एवं पुरुषार्थ के द्वारा आप को सफलता मिले। गुरु की छवि पल-पल आपका पथ दर्शन करेगी। मुनिद्वय को आगामी यात्रा के प्रति बहुत-बहुत शुभकामना। साध्वी सौभाग्ययशा जी, साध्वी कल्याणयशाजी ने गीत का संगान किया।
मुनि जागृत कुमार जी ने आगामी सप्तवषीर्य यात्रा एवं गुरुदेव द्वारा प्रदत्त मंगल आशीर्वाद की विस्तार से चर्चा की। मुनिद्वय के नाम गुरूदेव द्वारा प्रदत्त संदेश का वाचन साध्वी कुन्दनरेखा द्वारा किया गया। मुनि अभिजित कुमारजी ने कहा- गुरु हमारी शक्ति, भक्ति और अनुरक्ति है। गुरुदेव द्वारा मिला प्रकाश, आश्वास और विश्वास हमारा संबल है। आचार्य प्रवर की स्नेहिल नजर के चलते विदेश यात्रा का अनुचितंन हुआ। मुनिश्री ने सप्तवर्षीय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरुदेव की कृपा और अनुकम्पा से हमें अलग-अलग देशों के अलग-अलग लोगों का सहयोग मिल रहा है, जो इस बीहड़ मार्ग को सुगम बनायेगा। आज साध्वी त्रय से मिलकर अत्यधिक हर्ष एवं उल्लास की अनुभूति हो रही है।
गेलड़ा परिवार के मिलाप गेलड़ा, दक्षिण दिल्ली सभा के अध्यक्ष सुशील पटावरी, पूर्व अध्यक्ष हीरालाल गेलड़ा, अरविंद दुगड़, तेरापंथ सभा के पूर्व अध्यक्ष गोबिंद बाफणा, वर्तमान उपाध्यक्ष गिरीश जैन, महिला मण्डल की मंत्री वर्षा बैंगाणी, संजय चौरड़िया पूर्व अध्यक्ष दक्षिण दिल्ली ने स्वागत भाषण द्वारा मुनिद्धय का अभिनन्दन किया। दक्षिण दिल्ली के गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर काफी संख्या में उपस्थित रहा।