2624वें भगवान महावीर जन्म कल्याणक पर श्रद्धासक्ति कार्यक्रम

संस्थाएं

प्रज्ञा विहार, कांकरोली

2624वें भगवान महावीर जन्म कल्याणक पर श्रद्धासक्ति कार्यक्रम

युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या साध्वी रचनाश्री जी एवं श्रमण संघ उपप्रवर्तक कोमल मुनि जी म.सा. की सुशिष्या साध्वी एषणाश्री जी के सान्निध्य में महावीर मंच कांकरोली द्वारा आयोजित 2624वाँ महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव प्रज्ञा विहार, कांकरोली में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शोभायात्रा से की गई, जिसमें समस्त जैन समाज के लोगों ने भाग लिया। शोभायात्रा द्वारकेश चौक से प्रारंभ होकर अपने गंतव्य स्थान प्रज्ञा विहार पहुँची, जहाँ मंचीय कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विभिन्न झांकियाँ, महिला मंडल और ज्ञानशाला के बच्चों द्वारा दी गई प्रस्तुतियाँ शोभायात्रा के विशेष आकर्षण रहे।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए साध्वी रचनाश्री जी ने कहा - भगवान महावीर ने जो उपदेश दिए वे आज के विश्व की समस्याओं का सटीक समाधान हैं। भगवान महावीर ने छह जीव निकायों के प्रति संयम का संदेश दिया, किंतु आज पृथ्वीकाय, अपकाय, तेजस्काय, वायुकाय और वनस्पतिकाय को मनुष्य प्रदूषित कर उनका हनन कर रहा है, जो विश्व के लिए हानिकारक सिद्ध हो रहा है। यदि व्यक्ति छह जीव निकायों के प्रति संयमित हो जाए और अपनी इच्छाओं पर अंकुश लगा ले, तो वह न केवल पापों से बच सकता है, बल्कि विश्व की समस्याओं का समाधान भी कर सकता है। केवल भगवान की पूजा-अर्चना करना ही पर्याप्त नहीं है, उनके सिद्धांतों को जीवन में उतारना ही महावीर जयंती मनाने की सच्ची सार्थकता है। साध्वी एषणाश्री जी ने इस अवसर पर कहा - 'महावीर' शब्द के चार अक्षर म, ह, व, र का अर्थ ही सारगर्भित है— म - महान बनो, ह - हिम्मत रखो, व - वचन निभाओ और र - रहम करो।
साध्वी आर्याप्रभा जी ने ‘प्रभु महावीर भगवान तेरा सबसे ऊँचा स्थान’ गीत प्रस्तुत किया। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी संस्थान कांकरोली के अध्यक्ष लाभचंद बोहरा, मंत्री धनेंद्र मेहता, श्रमण संघ कांकरोली के अध्यक्ष महेश पगारिया, ज्ञान गच्छ संघ कांकरोली के अध्यक्ष एवं मंत्री, दिगंबर जैन समाज कांकरोली के अध्यक्ष कमल जैन एवं मंत्री सुनील, और जैन मूर्ति पूजक संघ कांकरोली के अध्यक्ष विमल पोरवाल सहित सकल संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर लोकप्रिय विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने जैन धर्म की महानता का उल्लेख करते हुए महावीर जयंती की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। कार्यक्रम का मंगलाचरण साध्वी नमनप्रभा जी और साध्वी प्राज्ञप्रभा जी ने किया। महावीर मंच के अध्यक्ष दिनेश बाबेल ने अध्यक्षीय भाषण दिया एवं मंत्री सूरजमल रातडिया ने आभार ज्ञापन किया। संयोजन राकेश पगारिया ने किया।