संयम स्वर्णोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन

संस्थाएं

कालू।

संयम स्वर्णोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन

साध्वी उज्ज्वलरेखा जी के दीक्षा पर्याय के 50वर्षों की पूर्णता पर तेरापंथी सभा, कालू द्वारा संयम स्वर्णोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दो चरणों में हुआ। प्रथम चरण में साध्वियों द्वारा साध्वीश्री जी के प्रति मंगलकामना प्रेषित की गई। साध्वी उज्ज्वलरेखा जी ने कहा कि आज से 50 वर्ष पूर्व गुरुदेव तुलसी के कर कमलों से दीक्षित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। संघ सेवा परम लक्ष्य रहा है। साध्वी श्री ने अपने संयम पर्याय के 50 वर्ष के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी। तेरापंथ धर्मसंघ की वयोवृद्ध साध्वी सुदीर्घजीवी शासनश्री साध्वी बिदामां जी ने साध्वीश्री के प्रति मंगलकामना व्यक्त की।
सहवर्ती साध्वियों द्वारा संवाद व गीतिका के द्वारा उनके 50 वर्षों के संयम पर्याय पर शुभकामनाएँ प्रेषित की गयी। साध्वी स्मितप्रभा जी ने साध्वीप्रमुखा विश्रुतविभा जी के संदेश का वाचन किया। प्रथम चरण के कार्यक्रम का संचालन साध्वी अमृतप्रभा जी द्वारा किया गया। द्वितीय चरण में महिला मंडल एवं कन्या मंडल द्वारा साध्वी उज्ज्वलरेखा जी के संयम पर्याय के 50 वर्ष पूर्ण होने पर त्याग व तप के साथ गीतिका का संगान किया गया। महासभा कार्यकारिणी सदस्य विनोद सिंघी, तेरापंथ सभा अध्यक्ष बुधमल लोढ़ा, मंत्री रतनलाल बांठिया, एवं अन्य कई लोगों ने भी अपनी आध्यात्मिक श्रद्धा एवं त्याग-तप की भेंट समर्पित की। द्वितीय चरण के कार्यक्रम का संचालन हर्षा सांड ने किया।