
संस्थाएं
जल संरक्षण, कन्या विकास और सुरक्षा हेतु प्रेरणादायी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में, तेरापंथ महिला मंडल गांधीनगर, बेंगलुरु के तत्वावधान में सामाजिक सेवा की विभिन्न योजनाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में “एक बूंद एक सागर - जल संरक्षण”, कन्या विकास योजना और कन्या सुरक्षा योजना के अंतर्गत तीन उल्लेखनीय सेवाकार्य संपन्न हुए — वाटर कूलर एवं बेंचों का उद्घाटन, कन्या सुरक्षा बेंचेस की स्थापना तथा कन्या सुरक्षा स्तंभ का लोकार्पण।
जल संरक्षण एवं कन्या विकास के अंतर्गत सेवा कार्य -
जेएसएस कस्तूरबा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेरणा गीत के संगान से हुआ। विद्यालय में वाटर कूलर और कन्या विकास हेतु बेंचों का उद्घाटन अभातेममं की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा एवं महामंत्री नीतू ओस्तवाल द्वारा किया गया। अध्यक्ष रिजु डूंगरवाल ने उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए इन सेवाओं के पीछे लगे श्रम का विवरण प्रस्तुत किया। संस्कार शाला के अंतर्गत किए गए कार्यों का अवलोकन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा ने मंडल की सराहना की। विद्यालय की प्राचार्या योगिनी ने मंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया। प्रायोजक परिवार – शांति प्रदीप सकलेचा एवं हेमलता जतन रांका – का मंडल द्वारा विशेष रूप से सम्मान किया गया।
कन्या सुरक्षा योजना के अंतर्गत बेंचेस का उद्घाटन -
एसएमवीटी रेलवे स्टेशन एवं क्रांतिवीर संगोली रायण्णा रेलवे स्टेशन सहित स्कूलों में कुल 52 कन्या सुरक्षा बेंचेस का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नवकार मंत्र के उच्चारण से हुई। इस अवसर पर सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर, दक्षिण पश्चिम रेलवे कृष्ण चैतन्य ने कहा कि स्टेशन पर प्रतिदिन 40,000 यात्रियों का आवागमन होता है और इस प्रकार की सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने भविष्य में भी मंडल के साथ कार्य करने की इच्छा जताई।
कन्या सुरक्षा स्तंभ का उद्घाटन-
कूल कॉर्नर, बसवनगुड़ी में कन्या सुरक्षा स्तंभ का उद्घाटन भी राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा और महामंत्री नीतू ओस्तवाल के करकमलों से संपन्न हुआ। यह स्तंभ सार्वजनिक स्थान पर कन्याओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। विधायक डॉ. उदय बी. गरुड़ाचार (चिकपेट विधानसभा), बीबीएमपी डिप्टी डायरेक्टर ऑफ़ हॉर्टिकल्चर चंद्रशेखर, और पूर्व पार्षद कविता पोरवाल का विशेष सहयोग इस कार्य में रहा। यह कार्यक्रम जैन संस्कार विधि द्वारा संस्कारक अमित भंडारी द्वारा संपादित किया गया। सभा अध्यक्ष पारसमल भंसाली, महासभा के प्रतिनिधि प्रकाश लोढ़ा ने मंडल को मंगल कामनाएं संप्रेषित की। राष्ट्रीय महामंत्री नीतू ओस्तवाल ने अपने भावों की अभिव्यक्ति दी।
कार्यक्रम का संचालन मंत्री ज्योति संचेती ने किया। संयोजन में वीणा पोरवाल, किरण गिलूंडिया और तारा सेठिया का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रमों में महिला मंडल की राष्ट्रीय परामर्शिका लता जैन, पूर्व अध्यक्ष सहित अनेक पदाधिकारी व बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में युवक परिषद अध्यक्ष विमल धारीवाल, प्रकाश मांडोत, रूपचंद देसरला, टीपीएफ अध्यक्ष पुष्पराज चोपड़ा, महासभा प्रतिनिधि प्रकाश लोढ़ा, हनुमंतनगर महिला मंडल अध्यक्ष सरोज दूगड़, यशवंतपुर मंडल अध्यक्ष मीनाक्षी दक, दासरहल्ली मंडल अध्यक्ष नेहा चावत सहित कई गणमान्यजनों ने सहभागिता की।