
संस्थाएं
कन्या मंडल द्वारा टॉक शो का आयोजन
तेरापंथ कन्या मंडल, हैदराबाद द्वारा मानसरोवर हाइट्स, तिरुमलगिरि में डॉ. साध्वी गवेषणाश्री जी के सान्निध्य में एक टॉक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या सह-प्रभारी रेखा संकलेचा द्वारा स्वागत भाषण से हुआ, वहीं वक्ता का परिचय कन्या मंडल की सह-संयोजिका सुरभि बोथरा ने दिया। डॉ. साध्वी गवेषणाश्री जी ने ‘जड़ों की ओर वापसी’, ‘हमें सामाजिक क्यों होना चाहिए’ और ‘सपनों को वास्तविकता में बदलने हेतु लक्ष्य निर्धारण की शक्ति’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहराई से विचार रखे। उन्होंने आज की नवपीढ़ी को धर्म से जुड़े रहने के सरल और व्यवहारिक उपाय अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता परामर्श मनोवैज्ञानिक रुचि सेठिया रहीं। उन्होंने उक्त तीनों विषयों को प्रभावशाली कथाओं और संवादों के माध्यम से उपस्थित कन्याओं को सहज रूप में समझाया। उन्होंने कहा कि हमारे संस्कार बंधन नहीं, बल्कि मार्गदर्शक होते हैं, जो हमें एक स्वस्थ एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। मुख्य वक्ता रुचि सेठिया का सम्मान महिला मंडल की मंत्री सुशीला मोदी एवं कन्या सह-प्रभारी रेखा संकलेचा द्वारा साहित्य भेंट एवं दुपट्टा प्रदान कर किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल, कन्या मंडल की अनेक पदाधिकारीगण, गणमान्य व्यक्तित्व एवं बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। उपस्थितजनों ने मुख्य वक्ता द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर उत्साहपूर्वक दिए, जिससे कार्यक्रम और भी रोचक बन गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन सह-संयोजिका सुरभि बोथरा द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन रेखा संकलेचा ने किया।