
संस्थाएं
प्रेक्षा कल्याण वर्ष कार्यशाला-मातृत्व का आयोजन
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार मातृत्व कार्यशाला का आयोजन आर आर नगर सभा भवन में साध्वी संयमलता जी के सान्निध्य में किया गया। मंडल की बहनों ने मंगलाचरण एवं स्वागत गीतिका का संगान किया। अध्यक्ष सुमन पटावरी ने पधारे हुए सभी का स्वागत किया। साध्वी संयमलता जी एवं साध्वी मार्दवश्री जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि मातृत्व सबसे सुंदर वरदान है। जिस तरह के संस्कारों का बीजारोपण गर्भावस्था में होता है, उसी के अनुरूप संतान का निर्माण होता है। अर्थात गर्भावस्था के दौरान हर मां को विशेष रूप से अपनी फिजिकल व मेंटल हेल्थ का ध्यान रखना चाहिए। मानसिक रूप से तनाव मुक्त रहने हेतु ध्यान, मौन, जप, स्वाध्याय आदि का प्रयोग करते रहना चाहिए तभी एक स्वस्थ और संस्कारी संतान का जन्म हो सकता है।
प्रशिक्षिका के रूप में डॉक्टर राधा ने गर्भकाल में खानपान, न्यूट्रीशनल हार्मनी आदि विषयों पर चर्चा की। अनीता बैद ने कुछ आसनों के द्वारा तनाव मुक्त रहने के उपाय बताएं। विभिन्न केंद्रों पर महाप्राण ध्वनि का प्रयोग करवाया। मंडल द्वारा दोनों प्रशिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। मंत्री पदमा महेर का सहयोग रहा। कार्यक्रम का कुशल संयोजन संयोजिका रुचिका पटावरी ने किया। सहमंत्री वंदना भंसाली ने सभी का आभार ज्ञापन किया।