
संस्थाएं
तिरंगा यात्रा एवं नशा मुक्ति रैली का हुआ आयोजन
अणुव्रत विश्व भारती समिति के निर्देशन में अणुव्रत समिति ग्रेटर सूरत एवं तेरापंथ जैन समाज, सूरत के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय सेना की विजय की अनुमोदना में भव्य तिरंगा यात्रा एवं अणुव्रत नशा मुक्ति रैली का आयोजन किया गया। यह तिरंगा यात्रा अणुव्रत द्वार से प्रारंभ होकर तेरापंथ भवन, सिटी लाइट पहुंचकर एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई, जहां इसे 'शासनश्री' साध्वी मधुबाला जी ने संबोधित किया। इसके साथ ही तेरापंथ भवन में पूर्व सैनिकों के सम्मान का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पूर्व सैनिकों, एन.सी.सी. कैडेट्स एवं सुश्रावकों की विशाल सभा को संबोधित करते हुए साध्वी मधुबाला जी ने कहा— आज दुनिया में चहुं ओर हिंसा का साम्राज्य फैला हुआ है। अनेक राष्ट्रों के बीच परस्पर युद्ध हो रहे हैं। हिंसा का प्रभाव भले ही कुछ समय तक दिखाई देता हो, लेकिन अंततः अहिंसा को ही अपनाना पड़ता है। अहिंसा ऐसी शक्ति है, जिसके द्वारा हिंसा पर भी विजय प्राप्त की जा सकती है।"
साध्वी मंजुलयशा जी ने कहा— "हम जैन साधु अहिंसा के पुजारी हैं, लेकिन हमारे भीतर भी देशप्रेम भरा हुआ है। जैन परंपरा में ऐसे अनेक राजा-महाराजा हुए हैं जिन्होंने अहिंसा का पालन करते हुए भी राज्य की रक्षा के लिए युद्ध के मैदान में शत्रुओं को पराजित किया है। अहिंसा सौम्य अवश्य है, परंतु यह कायरता की निशानी नहीं है।' अणुव्रत विश्व भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप दूगड़ ने कहा— "आचार्यश्री तुलसी ने स्वतंत्रता की दीर्घजीविता के लिए एवं समाज तथा राष्ट्र में नैतिक मूल्यों की स्थापना हेतु सन 1949 में अणुव्रत आंदोलन का प्रवर्तन किया। अणुव्रत अनेक समस्याओं का दीर्घजीवी समाधान देता है। मैं देश के वर्तमान एवं पूर्व सैनिकों को वंदन करता हूं, क्योंकि उनके कारण ही आज हमारा देश सुरक्षित एवं सलामत है।'
गुजरात पूर्व सैनिक सोसायटी के संरक्षक मनमोहन शर्मा, पूर्व सैनिक एन.के. देसाई एवं एन.सी.सी. कमांडेंट राहुल शर्मा ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। अणुव्रत समिति ग्रेटर सूरत के अध्यक्ष विमल लोढ़ा ने स्वागत वक्तव्य में भारतीय सेना के अप्रतिम शौर्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। अणुव्रत विश्व भारती के राष्ट्रीय महामंत्री मनोज सिंघवी, राजेश सुराणा आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में अणुव्रत विश्व भारती की राष्ट्रीय संगठन मंत्री पायल चोरडिया एवं सूरत महानगर पालिका की नेता शशिबेन त्रिपाठी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया। युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की धर्मपत्नियों को सम्मानित कर उन्हें आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन अणुव्रत समिति ग्रेटर सूरत के मंत्री संजय बोथरा ने किया।