
संस्थाएं
प्रेक्षाध्यान कार्यक्रम का आयोजन
प्रेक्षाध्यान कल्याण वर्ष के उपलक्ष में शहर के न्यूक्लियर फ्यूल कॉम्प्लेक्स परिसर में राष्ट्रीय औद्योगिक सुरक्षा अकादमी के सहयोग से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वहां के सभी अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ तुलसी अष्टकम के संगान के साथ हुआ। प्रशिक्षिका निर्मला बैद ने योग और ध्यान के महत्व पर प्रकाश डाला। उपस्थित अधिकारियों को योगाभ्यास द्वारा शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की जानकारी दी गई। गर्दन, कंधे, मस्तिष्क, एवं हाथों की उपयोगी क्रियाएं करवाई गईं, जिनके लाभ भी विस्तार से बताए गए। विभिन्न आसनों का अभ्यास कराते हुए उनके स्वास्थ्यवर्धक प्रभावों पर चर्चा की गई। मुद्रा विज्ञान, महाप्राण ध्वनि, दीर्घ श्वास, ध्यान और कायोत्सर्ग के प्रयोग कराए गए तथा उनके सकारात्मक प्रभावों को समझाया गया।
सभी अधिकारियों को नशामुक्त जीवन, सद्भावना, मैत्री भावना और शाकाहारी जीवन शैली को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इन मूल्यों के प्रयोगात्मक अभ्यास कराए गए और असंतुलित जीवनशैली से होने वाले नुकसानों की जानकारी दी गई। साथ ही इन बुराइयों को त्यागने के उपाय भी सिखाए गए। कार्यक्रम के अंत में कमांडर राहुल ने आभार ज्ञापित करते हुए इस प्रकार की प्रेरणादायक गतिविधियों को भविष्य में भी आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।