
संस्थाएं
कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित
श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ महिला मंडल हैदराबाद का कार्यकर्ता सम्मान समारोह डी.वी. कॉलोनी स्थित तेरापंथ भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र के उच्चारण से हुई। अध्यक्षा कविता आच्छा ने उपस्थित संरक्षिका बहनों, परामर्शक बहनों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं मंडल सदस्याओं का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि तेरापंथ महिला मंडल एक धर्मनिष्ठ विशाल वटवृक्ष है, जिसकी सक्रियता, सेवा और समर्पण राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा के नेतृत्व में प्रभावी रूप से गतिमान है। उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा निर्देशित सभी गतिविधियों का समयबद्ध, उत्साहपूर्ण एवं समर्पित समायोजन किया जाता है, जिसमें प्रत्येक सामायिक जोन की बहनें और विभागीय संयोजिकाएं अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यकाल के दौरान किए गए समर्पण एवं सेवापूर्ण कार्यों के लिए सभी सदस्यों को अध्यक्षा कविता आच्छा एवं मंत्री सुशीला मोदी द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का संचालन मंत्री सुशीला मोदी ने भावपूर्ण मुक्तकों के माध्यम से किया, जहाँ प्रत्येक सदस्य पर विशेष मुक्तक प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में लगभग 200 महिला शक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।