
संस्थाएं
शपथ ग्रहण समारोह
महरौली, दिल्ली। तेरापंथ महिला मंडल, साउथ दिल्ली का शपथ ग्रहण समारोह (सत्र 2025-27) अध्यात्म साधना केंद्र, महरौली में डॉ. साध्वी कुंदनरेखा जी के सान्निध्य में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। नमस्कार महामंत्र के उच्चारण के साथ कार्यक्रम का मंगल शुभारंभ प्रेरणा गीत के सामूहिक संगान से हुआ। निवर्तमान अध्यक्ष शिल्पा बैद ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और नव-नियुक्त अध्यक्ष सरोज भूतोड़िया को शपथ दिलाई। सरोज ने अपनी टीम की घोषणा कर उन्हें शपथ दिलाई। अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में उन्होंने "सबका साथ, सबका विकास" के विजन के साथ कार्य करने की बात कही। फाउंडर अध्यक्ष शिल्पा बैद ने सरोज के साथ रजनी बाफना को भी नवगठित मंडल के मार्गदर्शन हेतु तेरापंथ महिला मंडल, साउथ दिल्ली की संस्थापिका के रूप में विभूषित किया और दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया। तत्पश्चात कार्यसमिति की सभी बहनों को बैच पहनाए गए और पूरी टीम को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। विशेष आमंत्रण पर पधारीं बाला गर्ग (अध्यक्ष, Inner Wheel Club शाहदरा), स्नेह कानोड़िया (पूर्व अध्यक्ष, Lions Club Capital) और सुमन महेश्वरी ने सरोज भूतोड़िया का सम्मान करते हुए मंडल के प्रति शुभकामनाएं प्रेषित कीं। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ सभा के अध्यक्ष सुखराज सेठिया, दिल्ली महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष मंजू जैन, साउथ दिल्ली सभा के अध्यक्ष सुशील पटावरी, जोधराज बैद, राहुल भूतोड़िया और हेमराज पींचा ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं। अनेकों उदारमना व्यक्तियों ने विसर्जन की चेतना को पुष्ट करते हुए मंडल को आर्थिक सहयोग प्रदान किया। डॉ. साध्वी कुंदनरेखा जी ने साउथ दिल्ली महिला मंडल को एक ओजस्वी महिला मंडल बताते हुए उन्हें "तीन C – Come, Connect और Correct" के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। आभार ज्ञापन मंडल की मंत्री संगीता दुगड़ ने किया और सभी को तत्त्वज्ञान व तेरापंथ दर्शन पाठ्यक्रम से जुड़ने का आग्रह किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन रजनी बाफना ने किया।