
संस्थाएं
आचार्यश्री महाप्रज्ञजी की स्मृति में रजत सिक्के का भव्य लोकार्पण
तेरापंथ धर्मसंघ के दशम अधिशास्ता आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी के 105वें जन्म दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि स्वरूप भारत सरकार ने चांदी का सिक्का जारी कर दिव्य आत्मा के प्रति कृतज्ञता का भाव प्रकट किया। भारत की राजधानी दिल्ली में आचार्य श्री महाश्रमणजी के सुशिष्य डॉ. मुनि अभिजीत कुमार जी के सान्निध्य में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स में लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद लहर सिंह सिरोहिया की गरिमामय उपस्थिति रही। संस्कृति मंत्री शेखावत ने अपने उद्बोधन में आचार्य श्री महाप्रज्ञ को इस युग की महान विभूति बताते हुए कहा कि उन जैसे युगपुरुष का अवतरण इस धरा का सौभाग्य था। उन्होंने तेरापंथ धर्म संघ की गुरु निष्ठा एवं अनुशासन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मुनि अभिजीत कुमार जी द्वारा प्रेरणा प्राप्त कर उन्होंने अहमदाबाद में आचार्य प्रवर के दर्शन करने की भावना भी व्यक्त की। सांसद लहर सिंह सिरोहिया ने कहा कि आचार्य श्री महाप्रज्ञ की शिक्षाएँ सदैव समाज का मार्ग प्रशस्त करती रहेंगी। मुनि जागृत कुमार जी ने परिषद को प्रेक्षा ध्यान के प्रयोग करवा कर प्रेक्षा प्रणेता के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मुनि अभिजीत कुमार जी ने अनेक संस्मरण साझा करते हुए आचार्य श्री महाप्रज्ञ को श्रद्धा पुष्प अर्पित किए तथा आचार्य श्री महाप्रज्ञ के निःशेषम् के सूत्र को अपने जीवन में अपनाने पर बल दिया। जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा के अध्यक्ष सुखराज सेठिया ने अतिथियों का स्वागत किया। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से दिल्ली सभा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान महावीर मेमोरियल समिति दिल्ली के अध्यक्ष कन्हैया लाल पटावरी, जैन श्वेतांबर तेरापंथी महासभा के प्रबंध न्यासी महेंद्र नाहटा, अणुव्रत विश्व भारती के प्रबंध न्यासी तेजकरण सुराणा, जैन विश्व भारती के उपाध्यक्ष पन्नालाल बैद ने भी अपने विचार व्यक्त किए। साउथ दिल्ली तेरापंथ महिला मंडल द्वारा मंगलाचरण एवं पूर्वी दिल्ली कन्या मंडल द्वारा महाप्रज्ञ अष्टकम् की सुंदर प्रस्तुति दी गई। सुमधुर गायिका अभिलाषा बांठिया ने अपनी मनभावन प्रस्तुति से पूरे वातावरण को महाप्रज्ञमय बना दिया। आभार ज्ञापन सोनाली पटावरी ने किया। महिला मंडल की उपाध्यक्ष सुमन नाहटा, पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष हेमंत पटावरी, बजरंग बोथरा, जोधराज बैद, ललित नाहटा आदि अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का कुशल संचालन सुनीता जैन ने किया।