संस्थाएं
स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह में सेवा और समर्पण की रची मिसाल
तरुण मित्र परिषद के स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह के अवसर पर आज प्यारेलाल भवन, आई.टी.ओ., नई दिल्ली में एक अत्यंत प्रेरणादायक, गरिमामय एवं सेवा-भाव से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली के माननीय महापौर श्री राजा इकबाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में परिषद के संस्थापक एवं वर्तमान अध्यक्ष अशोक कुमार जैन ने परिषद के पिछले पाँच दशकों की सतत् समाजसेवी यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निस्वार्थ सेवा, दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयास ही परिषद की निरंतर प्रगति का आधार रहे हैं। परिषद के महासचिव मनोज कुमार जैन ने बताया कि स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में
500 से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप, सहायक पाठ्य-पुस्तकें, स्टेशनरी एवं ट्रैक सूट वितरित किए गए। इस वर्ष परिषद ने एक नई पहल करते हुए प्रत्येक विद्यार्थी को ₹50,000 की मेडिकल इंश्योरेंस पॉलिसी उपहार स्वरूप प्रदान की, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य एवं भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, कृत्रिम अंग (Artificial Limbs), पोलियो कैलिपर्स तथा जरूरतमंद महिलाओं को बैटरी संचालित इलेक्ट्रिक सिलाई मशीनें भी प्रदान की गईं। महापौर राजा इकबाल सिंह ने अपने संबोधन में तरुण मित्र परिषद के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि समाजसेवी संस्थाओं के सक्रिय सहयोग के बिना किसी भी सरकारी प्रयास की पूर्णता संभव नहीं है। उन्होंने बच्चों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु परिषद द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए हार्दिक बधाई एवं आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में निदेशक पियूष गुप्ता, संस्थापक मनोज मैदिरत्ता (मै. जीवन पब्लिशिंग हाउस), निगम पार्षद श्रीमती अल्का राघव, परिषद की संरक्षिका सुश्री सुधा गुप्ता तथा धर्मपाल–सत्यपाल चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने परिषद की सेवा-प्रधान पहलों की सराहना करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने के प्रयासों को अनुकरणीय बताया।