संस्थाएं
आचार्य श्री तुलसी के १०० वें दीक्षा दिवस पर विविध आयोजन
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में पर्वत पाटिया महिला मंडल द्वारा आचार्यश्री तुलसी के 100वें दीक्षा दिवस पर जप व तुलसी अभ्यर्थना कार्यक्रम का आयोजन तेरापंथ भवन में किया गया। तुलसी गीत की मधुर स्वर लहरियो के साथ मंडल की बहिनों ने मंगलाचरण किया। अध्यक्ष सुमन बैद ने सभी का स्वागत करते हुए कहा आज हम महिलाओं का विकास गुरुदेव की ही देन है। नया मोड़ ने हमें मंच दिया। परामर्शक कुसुम बोथरा ने कहा ग्यारह वर्ष की छोटी वय में संयम पथ पर कदम रखा और बाइस वर्ष की उम्र में तेरापंथ धर्मसंघ के नवें आचार्य बन इकसठ वर्ष तक पाट को दीप्यमान किया।
ज्ञानशाला मुख्य प्रशिक्षिका खुशबू पींचा ने आचार्य श्री के कर्तृत्व को उजागर करते उनके अवदान ज्ञानशाला के बारे में बताया। कार्यकारिणी सदस्य राजू देवी बोथरा, सुनीता पारख, प्रेरणा बोथरा एवं रेखा पुगलिया ने कविता, गीतिका आदि के द्वारा अपने भावों को प्रस्तुत किया। अंत में तुलसी स्लोगन प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय, तृतीय विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। महिला मंडल मंत्री मधु झाबक ने नारी जाति के उन्नायक गणाधिपति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए सभी का आभार ज्ञापन किया। कार्यक्रम का कुशल व सफल संचालन कार्यकारिणी सदस्य प्रिया पुगलिया ने किया।