नव वर्ष पर वृहद मंगल पाठ एवं  विविध आयोजन

संस्थाएं

बीकानेर

नव वर्ष पर वृहद मंगल पाठ एवं विविध आयोजन

तुलसी साधना केंद्र रामपुरिया मोहल्ला बीकानेर में विराजित आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या शासनश्री द्वय साध्वी मंजू प्रभा जी एवं साध्वी कुंथुश्री जी के मंगल सानिध्य में नूतन वर्ष के अवसर पर वृहद मंगलपाठ का आयोजन किया गया। शासनश्री साध्वी कुंथू श्री जी ने परिषद् को उद्‌बोधित करते हुए फरसाया-नया वर्ष सकल विश्व में खुशियों का सैलाब लेकर आता है। नए सोपान, कीर्तिमान वह नए अरमान संजोए जाते है। नया वर्ष सबमें नया हर्ष लाता है। 'उट्ठिए णो पमायए-अर्थात उठो! प्रमाद मत करो-यह जागने का समय है। यह आगम सूत्र जागरूकता व पुरुषार्थ का संदेश देता है। वह व्यक्ति धन्य होता है जो जागता है। जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है शांति-समता। हमारे जीवन का हर प्रभात मंगलमय हो, आनन्दमय हो, समाधिमय हो। अपने प्रति मंगलकामना, परिवार के प्रति, समाज के प्रति, समस्त प्राणियों के प्रति मंगलकामना करे।
नये वर्ष का स्वागत प्रसन्नता व आनन्दमय जीवन के हर क्षण को जीते हुए करे। स्वागत करे उजालों का। अपनी कर्मजा शाक्ति, मौलिक चितन, सही सोच के साथ नए वर्ष को सफल बनाएं। वर्तमान में जीएं। साध्वी वृन्द ने भक्तामर, पैंसठिया छन्द, गौतम गणधर स्तुति आदि विविध मंत्रों के उच्चारण से वृहद मंगलपाठ सुनाया। नैतिकता का शक्तिपीठ के अध्यक्ष गणेश बोथरा, बीकानेर महिला मंडल मंत्री रेणु बोथरा आदी अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।