नव वर्ष पर वृहद मंगल पाठ एवं विविध आयोजन

संस्थाएं

गंगाशहर

नव वर्ष पर वृहद मंगल पाठ एवं विविध आयोजन

श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, गंगाशहर की ओर से नव वर्ष के अवसर पर 'नव वर्ष मंगलमय हो' शुभकामना कार्यक्रम का भव्य आयोजन तेरापंथ भवन में किया गया। इस आध्यात्मिक समारोह में उग्र विहारी तपोमूर्ति मुनि कमल कुमार जी स्वामी ने अपनी ओजस्वी वाणी से श्रद्धालुओं को जीवन दर्शन और संस्कारों का मार्ग दिखाया। मुनिश्री ने नव वर्ष की मंगलकामना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में भगवान महावीर की आगम वाणी को केवल सुनने तक सीमित न रखकर, उसे जीवन और व्यवहार में उतारने की महती आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि परिवार में बुजुर्गों, माता-पिता और महिलाओं का सदैव सम्मान करें और हर मांगलिक कार्य 'जैन संस्कार विधि' से ही संपन्न करें। शादियों में बढ़ती फिजूलखर्ची पर प्रहार करते हुए मुनिश्री ने फूलों की होली और पूल पार्टी जैसी पाश्चात्य संस्कृति को बंद करने की प्रेरणा दी, ताकि जीव हत्या और पाप कर्मों के बंधन से बचा जा सके। साथ ही, उन्होंने भोजन की बर्बादी रोकने और मांगलिक अवसरों पर '21 व्यंजन सीमा अभियान' का सक्रिय सहयोगी बनने का आह्वान किया। मुनि श्रेयांस कुमार जी ने भी नव वर्ष पर सुमधुर गीतिका प्रस्तुत की।