नव वर्ष पर वृहद मंगल पाठ एवं विविध आयोजन

संस्थाएं

विजयनगर, बैंगलोर

नव वर्ष पर वृहद मंगल पाठ एवं विविध आयोजन

आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या साध्वी संयम लता जी ने श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, विजयनगर के तत्वावधान में अर्हम भवन में आयोजित 'नव वर्ष नव संकल्प' एवं वृहद मंगल पाठ कार्यक्रम का शुभारंभ अनेक मंत्रों के उच्चारण के साथ करते हुए कहा नव वर्ष का स्वागत ऐसे नव संकल्प के साथ करें जो जीवन की दिशा और दशा बदल कर सफलता की नई इबादत लिख सके। साध्वीश्री जी ने कहा आज के दिन ही नहीं, हर दिन नया सूर्य उदित होता है ऐसे में हर दिन को नया मान नई प्रेरणा के साथ नई शुरुआत करें।
व्यक्ति हर कार्य जोश के साथ प्रारंभ करता है पर कुछ समय बाद विभिन्न कारणों से शिथिल पड़ जाता है। लेकिन मंजिल को पाना है तो निरंतर चलना होगा। समय सबके पास एक बराबर है, जरूरत है समय के सुव्यवस्थित नियोजन एवं संकल्प चेतना के जागरण की। साध्वीश्री जी ने सभी को नव वर्ष की शुभकामना देते हुए कहा अपने भीतर की नकारात्मकता का विसर्जन कर सकारात्मक सोच का विकास करें तथा मैत्री एवं प्रमोद भावना के साथ आगे बढ़े। साध्वी मार्दवश्री जी ने मंच का संचालन करते हुए कहा कि जिस प्रकार नए साल में पुराने कैलेंडर को निकल दिया जाता हैं वैसे ही अपने भीतर के राग द्वेष आदि नकारात्मकता को बाहर निकाल, नव वर्ष पर सबको पॉजिटिव बनने की प्रेरणा दी।
साध्वी वृंद ने स्वरचित गीत ‘सपना अब बन जाए अपना’ के संगान द्वारा नव वर्ष का स्वागत किया। सभा अध्यक्ष मंगल कोचर ने सभी का स्वागत अभिनंदन करते हुए नव वर्ष की शुभकामना प्रेषित की अभातेयुप राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत, टीपीएफ बैंगलोर वेस्ट के अध्यक्ष ललित बेगवानी, युवक परिषद विजयनगर अध्यक्ष विकास बांठिया, महिला मंडल अध्यक्षा महिमा पटवारी एवं अर्हम मित्र मंडल अध्यक्ष सुशील चौरडिया ने विचार व्यक्त करते हुए सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं। तेयुप एवं अणुव्रत समिति विजयनगर द्वारा नव वर्ष 2026 के कैलेंडर का अनावरण किया गया।