संस्थाएं
सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर का आयोजन
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में बारडोली स्थित शिशु दीप अस्पताल में तेरापंथ महिला मंडल, बारडोली द्वारा निःशुल्क “आरोग्यम” सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समय रहते प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के माध्यम से रोग की पहचान करना रहा। इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बारडोली सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आई 194 महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
शिविर के दौरान प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. ज्योतिष पटेल ने महिलाओं को स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर सहित विभिन्न प्रकार के कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समय पर जांच कराने की आवश्यकता, बचाव के उपायों एवं उपलब्ध उपचार विकल्पों पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया। महिलाओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के डॉक्टर ने सरल एवं प्रभावी ढंग से उत्तर दिए। कार्यक्रम में तेरापंथ महिला मंडल, बारडोली की अध्यक्ष हेमलता सिंघवी, मंत्री चेतना पितलिया, तेरापंथ सभा के अध्यक्ष महावीर दक तथा डॉ. नेहा पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महिला मंडल की इस पहल को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय बताया। तेरापंथ महिला मंडल, बारडोली द्वारा आयोजित “आरोग्यम” स्वास्थ्य शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक एवं सराहनीय कदम सिद्ध हुआ। जिससे महिलाओं को समय पर जांच एवं सही जानकारी प्राप्त हो सकी।