संस्थाएं
यूपीएससी के सबसे युवा सलाहकार नियुक्त
अहमदाबाद। भारत सरकार के संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने देश के जाने-माने जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. महावीर गोलेच्छा को अपना सलाहकार नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही डॉ. गोलेच्छा यूपीएससी के सबसे युवा सलाहकार बन गए हैं। डॉ. महावीर गोलेच्छा वर्तमान में भारतीय जनस्वास्थ्य संस्थान, गांधीनगर (आईआईपीएचजी) में स्वास्थ्य नीति, प्रबंधन एवं व्यवहार विज्ञान विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। यूपीएससी द्वारा उन्हें विभिन्न केंद्रीय सेवाओं हेतु आयोजित साक्षात्कारों, परीक्षाओं एवं चयन प्रक्रियाओं में योग्य अभ्यर्थियों के चयन हेतु परामर्शदायी भूमिका सौंपी गई है। डॉ.गोलेच्छा देश-विदेश में ख्यातिप्राप्त वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य नीति विशेषज्ञ हैं। उन्हें स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की “विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों” की सूची में स्थान मिल चुका है। स्वास्थ्य नीति निर्धारण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनकी इस नियुक्ति से यूपीएससी को युवा दृष्टिकोण एवं नवीन सोच का लाभ मिलेगा, वहीं यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।