संस्थाएं
'बच्चों की शिक्षा' जन जागरण हेतु वॉकथान का आयोजन
तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम, चेन्नई चेप्टर द्वारा ‘बच्चों की शिक्षा’ विषयक जन - जागरण एवं सहयोग के उद्देश्य से रविवार प्रातः एक सुव्यवस्थित वॉकथान एवं ट्रेजर हंट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 90 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कर सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन टीपीएफ के सचिव गौरव सुराना ने किया। अध्यक्षा प्रमिला जैन ने स्वागत भाषण में आयोजन के सामाजिक उद्देश्य, शिक्षा के महत्व तथा समाज में जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि सुंदर अलेक्जेंडर- मॉडल एवं मिस्टर इंडिया 2024 का परिचय अमन बोहरा ने प्रस्तुत किया। अपने संक्षिप्त प्रेरक संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि 'फिटनेस और सामाजिक उत्तरदायित्व का यह समन्वय सराहनीय है तथा शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।'
मुख्य अतिथि का सम्मान टीपीएफ राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य सदस्य कमलेश नाहर एवं दिनेश धोका, तेरापंथ सभा अध्यक्ष अशोक खतंग, टीपीएफ चेन्नई की अध्यक्षा प्रमिला जैन द्वारा
किया गया। आयोजन संयोजक अमन बोहरा एवं श्री हर्ष गादिया ने प्रतिभागियों के लिए उत्साहवर्धक जुम्बा सत्र आयोजित कर वातावरण को ऊर्जावान बनाया। प्रतिभागियों ने लगभग 2 किलोमीटर के निर्धारित क्षेत्र में विभिन्न सुरागों को हल करते हुए एवं समूह गतिविधियों में भाग लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। प्रतिभागियों द्वारा धारण किए गए बिम्ब पर शिक्षा-संदेश अंकित थे, जिससे आयोजन का उद्देश्य स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।