संस्थाएं
पहले गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, अब एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज उपलब्धि
जैन विश्व भारती परिसर में स्थित सुधर्मा सभा में विराजमान पूज्य आचार्य श्री महाश्रमण जी की पावन सन्निधि में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल (अभातेममं) द्वारा रचित ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अभातेममं ने सर्वप्रथम 4 फ़रवरी 2026 को अणुव्रत भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में “गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स” में अपना नाम दर्ज करवाते हुए वैश्विक कीर्तिमान स्थापित किया, तत्पश्चात इसी अभियान के लिए “एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स” में भी सम्मानित होकर दोहरा इतिहास रच दिया।
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर अभातेममं द्वारा देशभर में 309 केंद्रों पर 17,200 महिलाओं की निशुल्क पैप स्मीयर जांच करवाई गई। इस विराट स्वास्थ्य-जागरूकता अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली और पहले गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स तथा उसके पश्चात एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में विधिवत दर्ज किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तेरापंथ महिला मंडल लाडनूं एवं अभातेममं के सदस्यों द्वारा मंगलाचरण की प्रस्तुति से हुआ। अभातेममं की अध्यक्षा श्रीमती सुमन नाहटा ने अपनी भावाभिव्यक्ति में कहा कि प्राप्त आंकड़ों के अनुसार भारत में हर ग्यारह मिनट में एक महिला की मृत्यु सर्वाइकल कैंसर के कारण हो रही है। यह महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे सामान्य कैंसर है, जबकि समय पर स्क्रीनिंग एवं जागरूकता से इसका पूर्णत: बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि देशभर की महिला मंडलों की अभूतपूर्व सहभागिता से यह अभियान केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि नारी सशक्तिकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण बन गया है। यह उपलब्धि गुरु आशीर्वाद एवं मंगलप्रेरणा का ही परिणाम है।
‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ के प्रतिनिधि श्री संजय भोला ने अपने वक्तव्य में कहा कि एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स बनाना कोई आसान कार्य नहीं है, परन्तु इस चुनौतीपूर्ण कार्य को अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल ने सफलतापूर्वक संपादित किया। उन्होंने पूरी प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ऑनलाइन फॉर्म्स के माध्यम से सभी शाखाओं से प्रमाणित आंकड़े एकत्रित कर उन्हें डिजिटल रूप में प्रस्तुत किया गया, जो अनुशासन, संगठनात्मक क्षमता और प्रभावशाली नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।
पूज्य गुरुदेव ने अपने मंगल वचनों में कहा कि साध्वीप्रमुखा श्री विश्रुतविभा जी एवं साध्वी कल्पलता जी के निर्देशन में अभातेममं ‘अंकुरम गर्भ शिशु संस्कार’, ‘तत्त्वज्ञान’ आदि अनेक उपक्रमों का संचालन कर रही है। संस्था इसी प्रकार आध्यात्मिक विकास और सामाजिक उत्थान के कार्यों में निरंतर अग्रसर रहे, यही मंगलकामना है। कार्यक्रम में अभातेममं के पदाधिकारीगण, कार्यसमिति सदस्यों एवं आसपास के शाखा मंडलों की बहनों की भी सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। यह अभियान संस्था की समृद्ध राष्ट्र योजना के अंतर्गत देश की महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक कर उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने का सशक्त प्रयास है। स्वस्थ नारी ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की सुदृढ़ नींव है।