78वें स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम

संस्थाएं

हैदराबाद।

78वें स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम

अणुव्रत समिति के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में द्वितीय चरण का भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम मोड़ा मार्केट स्थित टैगोर स्कूल परिसर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के तत्वावधान में स्थानीय अणुव्रत समिति, हैदराबाद द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल कातरेला एवं अशोक मेडतवाल ने की। मंत्री रीटा सुराणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र एवं अणुव्रत गीत के सुमधुर संगान से हुआ, आचार संहिता का प्रभावपूर्ण वाचन चंदन द्वारा किया गया। तत्पश्चात निशा चंदन एवं विद्यार्थियों ने लघु नाटिका एवं कविता पाठ के माध्यम से अणुव्रत के नैतिक मूल्यों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। एस. अंजली, खुशबू, कौशिक सामंता तथा दिगेश वैष्णव ने नशा मुक्ति विषय पर अपने ओजस्वी एवं जागरूकता से परिपूर्ण विचार रखे। अणुव्रत विषयक गीत का संगान कर उसके भावार्थ की संक्षिप्त व्याख्या की गई तथा विद्यार्थियों को अणुव्रत के सिद्धांतों का पालन करने हेतु संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर अणुव्रत रैली का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए समाज में नैतिकता, संयम एवं नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। कार्यक्रम में टैगोर स्कूल की प्रिंसिपल गायत्री शंकर ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया तथा अणुव्रत समिति द्वारा किए जा रहे नैतिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समिति का विद्यालय को निरंतर विशेष सहयोग मिलता रहा है। विद्यालय की इंचार्ज बरमरम्भा, ललिता, सुनीता सहित अन्य प्राध्यापकगण की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।