भिक्षु भजन संध्या का भव्य आयोजन

संस्थाएं

गंगाशहर।

भिक्षु भजन संध्या का भव्य आयोजन

तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (TPF), बीकानेर द्वारा आचार्य महाप्रज्ञ शिक्षा सहयोग योजना के अंतर्गत फंड रेज़िंग उद्देश्य से आयोजित भिक्षु भजन संध्या का आयोजन गंगाशहर स्थित शांतिनिकेतन (साध्वी सेवा केंद्र) में अत्यंत श्रद्धामय एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ एकता पुगलिया द्वारा मंगलाचरण से किया गया। TPF बीकानेर अध्यक्ष रतन छलाणी के स्वागत वक्तव्य में पधारे हुए समस्त गणमान्य अतिथियों, श्रावक-श्राविकाओं का सादर स्वागत करते हुए आचार्य महाप्रज्ञ शिक्षा सहयोग योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना समाज के पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनकी उच्च शिक्षा में सहयोग एवं सर्वांगीण विकास का एक प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर TPF राष्ट्रीय अध्यक्ष हिम्मत मांडोत ने अपने उद्बोधन में तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि TPF ने प्रोफेशनल्स को एक ऐसे मंच से जोड़ा है, जहाँ आध्यात्मिकता का भी सशक्त जुड़ाव है।
वर्तमान में TPF के देशभर में 11,000 से अधिक सदस्य समाज सेवा, शिक्षा एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आचार्य महाप्रज्ञ शिक्षा सहयोग योजना के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए समाजजनों से इस पुण्य कार्य से जुड़ने का आह्वान किया। इन प्रेरक विचारों से प्रेरित होकर उपस्थित श्रावक समाज के अनेक सदस्यों ने शिक्षा सहयोग योजना के अंतर्गत सहयोग प्रदान करने की घोषणा की, जिससे आयोजन की सार्थकता और अधिक बढ़ गई। भिक्षु भजन संध्या में श्रद्धानिष्ठ संगायक श्री कमल जी सेठिया ने अपनी भावपूर्ण एवं सुमधुर प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भिक्षु परंपरा से जुड़े अनेक भजनों की प्रस्तुति पर संपूर्ण सभा मंत्रमुग्ध हो गई और संध्या ने भक्तिमय समां बाँध दिया। कार्यक्रम में TPF की राष्ट्रीय टीम, स्थानीय तेरापंथ सभा-संस्थान के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाया। कार्यक्रम का कुशल संचालन इस प्रकल्प के राष्ट्रीय प्रभारी प्रवीण जैन तथा देवेंद्र जी डागा द्वारा किया गया।