अणुव्रत स्थापना दिवस पर नशामुक्ति मैराथन का सफल आयोजन

संस्थाएं

नई दिल्ली।

अणुव्रत स्थापना दिवस पर नशामुक्ति मैराथन का सफल आयोजन

समाज को नशे जैसी घातक प्रवृत्तियों से दूर रखने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं संस्कारित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अणुव्रत समिति दिल्ली द्वारा यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक विशाल नशामुक्ति जन-जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। इस प्रेरणादायी मैराथन में लगभग 4000 युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने 'स्वस्थ युवा – सशक्त राष्ट्र' जैसे प्रेरक संदेशों के माध्यम से जनमानस को व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की विशेष गरिमा बहुश्रुत मुनि श्री उदित कुमार जी की पावन उपस्थिति से बढ़ी। अपने प्रेरक उद्बोधन में मुनि श्री ने कहा — नशा मनुष्य की विवेक शक्ति को नष्ट करता है, जबकि संयम और सदाचार जीवन को उन्नति, शांति एवं आत्मबल प्रदान करते हैं। यदि युवा वर्ग दृढ़ संकल्प ले ले, तो नशामुक्त समाज का निर्माण निश्चित है। मुनि श्री ने युवाओं को आत्मअनुशासन, सकारात्मक सोच तथा नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सच्ची प्रगति वही है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। मैराथन में सान्निध्य प्रदान करने के पश्चात् मुनि श्री तेरापंथ भवन, सूर्यनगर पधारे, जहाँ अणुव्रत समिति गाजियाबाद द्वारा अणुव्रत स्थापना दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुनि श्री के प्रेरक उद्बोधन के साथ स्थानीय निगम पार्षद कृष्ण कुमार खेमका ने भी अणुव्रत आंदोलन के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त करते हुए आचार्य श्री तुलसी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। सम्पूर्ण कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायी एवं प्रभावशाली रहा।