ज्ञानशाला नव सत्र का शुभारंभ

संस्थाएं

गांधीनगर।

ज्ञानशाला नव सत्र का शुभारंभ

ज्ञानशाला पर्यवेक्षक बहुश्रुत मुनि उदित कुमार जी के सान्निध्य मे पावन नमस्कार महामंत्र के साथ आज ज्ञानशाला के नए सत्र का अत्यंत गरिमामय और आध्यात्मिक वातावरण में शुभारंभ हुआ।कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रशिक्षिकाओं द्वारा भक्तिमय मंगलाचरण का सामूहिक संगान किया गया। ज्ञानार्थियों ने पूरी श्रद्धा के साथ 'तुलसी अष्टकम' का सुमधुर संगान किया। मुनि श्री ने स्वयं पांच बार नमस्कार महामंत्र का उच्चारण करवाया। उन्होंने बच्चों को संस्कारित करते हुए यह सीख दी कि दिन भर में किसी भी कार्य की शुरुआत करने से पहले कम से कम एक बार नमस्कार महामंत्र का स्मरण अवश्य करना। आज के नव सत्र शुभारंभ के अवसर पर विभिन्न संघीय सभा संस्थाओं के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों, अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने ज्ञानशाला के नए सत्र के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए श्रावक समाज और अभिभावकों से ज्यादा से ज्यादा बच्चों को ज्ञानशाला से जोड़ने की प्रेरणा दी। पिछले सत्र में भाग 1 से 5 तक उतीर्ण सभी परीक्षार्थियों को मुनिश्री के सानिध्य में सर्टिफिकेट भी वितरित किए।