SochX–The Youth Transforming Workshop का सफल आयोजन

संस्थाएं

अहमदाबाद

SochX–The Youth Transforming Workshop का सफल आयोजन

तेरापंथ किशोर मंडल अहमदाबाद द्वारा आयोजित SochX – The Youth Transforming Workshop तेरापंथ भवन, शाहिबाग, अहमदाबाद में अत्यंत प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यशाला का विषय 'Personality, Mindset and Internal Growth – Life Beyond Limits रहा, जिसमें युवाओं को अपने व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच एवं आंतरिक शक्ति को पहचानने और जीवन में सीमाओं से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर सत्र के ट्रेनर राहुल बोराणा ने अत्यंत प्रभावशाली एवं सरल शैली में अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने जीवन में सही मानसिकता, आत्मविश्वास एवं निरंतर आत्मविकास के महत्व को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। कार्यक्रम में तेरापंथ युवक परिषद अहमदाबाद के अध्यक्ष प्रदीप बागरेचा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
उन्होंने भी इस सत्र की अत्यंत सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायक सत्र किशोर मंडल द्वारा प्रत्येक सप्ताह आयोजित किए जाने चाहिए ताकि युवाओं का निरंतर विकास हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी प्रेरणा दी कि सभी CPS में सक्रिय रूप से भाग ले, जिससे उनका व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता और अधिक सशक्त बन सके। साथ ही CPS के नेशनल ट्रेनर विवेक संकलेचा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सत्र को अत्यंत उत्कृष्ट बताया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में सकारात्मक सोच एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। कार्यक्रम का कुशल संचालन संयोजक मनन बागरेचा द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया, जिससे संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बना रहा। अंत में भुवल छाजेड़ द्वारा सभी के प्रति आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।