कान्फ्रेन्स हॉल उद्‌घाटन एवं तेरापंथ-मेरा पंथ कार्यशाला का आयोजन

संस्थाएं

उधना।

कान्फ्रेन्स हॉल उद्‌घाटन एवं तेरापंथ-मेरा पंथ कार्यशाला का आयोजन

उधना। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, उधना द्वारा तेरापंथ भवन, उधना में नवनिर्मित कान्फ्रेन्स होल का उद्‌घाटन समारोह आयोजित किया गया। लुधियाणा से समागत तेरापंथ उपासक श्रेणी के राष्ट्रीय संयोजक सूर्यप्रकाश शामसुखा ने नमस्कार महामंत्र का मंगल उच्चारण करते हुए कान्फ्रेन्स होल का उद्‌घाटन किया। जैन संस्कारक अर्जुन मेडतवाल, मिश्रीमल नंगावत, जसवंत डांगी एवं कमलेश डांगी ने संपूर्ण शास्त्रोक्त जैन संस्कार विधि द्वारा विधिवत उद्‌घाटन एवं प्रवेश करवाया। इस अवसर पर उद्‌घाटनकर्ता सूर्यप्रकाश शामसुखा ने कहा - पश्चिमांचल क्षेत्र में उधना क्षेत्र अपना विशिष्ट स्थान रखता है। तेरापंथ भवन का यह आचार्य महाश्रमण कान्फ्रेन्स हॉल समाज की गतिविधियों को सुचारु रूप से चलाने में उपयोगी सिद्ध हो और समाजजनों के आध्यात्मिक विकास में सहयोगी हो ऐसी मंगलकामना करता हूं।
उन्होंने कहा- आज यहां आयोजित 'तेरापंथ - मेरा पंथ कार्यशाला' तेरापंथ दर्शन को समझने में बहुत उपयोगी सिद्ध होगी ऐसा विश्वास है। इसकी संचालिका कुमुद कच्छारा अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की पूर्व अध्यक्षा और 'बेटी तेरापंथ की' प्रोजेक्ट की राष्ट्रीय संयोजिका हैं। कुमुद कच्छारा ने प्रथम सत्र में तेरापंथ दर्शन के विविध पहलू - साध्य-साधन मीमांसा, दान-दया एक विश्लेषण, मूर्तिपूजा - भावपूजा आदि विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में जिज्ञासाओं का समाधान दिया। तेरापंथी सभा - उधना के अध्यक्ष निर्मल चपलोत ने स्वागत वक्तव्य दिया। पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीलाल बाफना, बसंतीलाल नाहर, महिला मंडल अध्यक्षा महिमा चोरडिया, अणुव्रत समिति अध्यक्ष रतन भलावत, तेयुप. उधना अध्यक्ष कमलेश बाफना, जैन संस्कारक श्री अर्जुन मेड़तवाल आदि ने अपने भावों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कॉन्फ्रेंस हॉल निर्माण में आर्थिक सौजन्य प्रदान करने वाले परिवारों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन सभा मंत्री मुकेश बाबेल ने किया।