2625वें भगवान महावीर जन्म कल्याणक पर श्रद्धासिक्त कार्यक्रम

संस्थाएं

कांदिवली, मुंबई

2625वें भगवान महावीर जन्म कल्याणक पर श्रद्धासिक्त कार्यक्रम

शासनश्री साध्वी श्री विद्यावतीजी "द्वितीय" के सान्निध्य में महावीर जयंती का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। साध्वीवृंद द्वारा नमस्कार महामंत्र उच्चारित करने के बाद तेरापंथ महिला मंडल कांदिवली ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। तुलसी महाप्रज्ञ फाउंडेशन के अध्यक्ष मेघराज धाकड़ ने स्वागत वक्तव्य देते हुए भगवान महावीर पर विचार व्यक्त किये। शासनश्री साध्वी विद्यावतीजी ने कहा- "जैन धर्म जन-जन का धर्म है। भगवान महावीर का अहिंसा का संदेश संपूर्ण मानव जाति के लिए आदरणीय, आचरणीय एवं अनुकरणीय है।
अहिंसा के उपदेश में अभय, सहिष्णुता मैत्री एवं करुणा का स्वत: ही समावेश हो जाता है"। साध्वी प्रियंवदा जी ने संयोजकीय वक्तव्य में कहा- आज के दिन महावीर के उपदेशों को समझकर स्वकल्याण के साथ परकल्याण करने का भी प्रयास करें, महावीर ने कहा था कि संपूर्ण मानव जाति एक है। किसी को दुःख न देना, क्लेश न करना, मन को पीडित न करना अहिंसा का राजमार्ग है। साध्वी प्रेरणाश्रीजी, साध्वी मृदुयशाजी एवं साध्वी ऋद्धियशाजी ने पत्रकार के रूप में उपस्थित सीमा कोठारी, अल्का पटावरी एवं जीनल धाकड़ की जिज्ञासाओं को इंटरव्यू के रूप में समाहित किया। तेरापंथ महिला मंडल कांदिवली ने महावीर काव्य धारा की सुंदर प्रस्तुति दी। कांदिवली सभा अध्यक्ष ज्ञानमल भंडारी, मालाड़ सभा अध्यक्ष गणेशलाल कोठार आदि की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन साध्वी प्रियंवदा जी ने कुशलता पूर्वक किया। आभार ज्ञापन कांदिवली तेयुप मंत्री भावेश चोरड़िया ने किया।