संस्थाएं
उत्तरांचल स्तरीय युवा सम्मेलन–'चलो लाडनूं'
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा आयोजित उत्तरांचल स्तरीय युवा सम्मेलन 'चलो लाडनूं' का भव्य आयोजन 12 से 14 अप्रैल 2026 तक लाडनूं में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह सम्मेलन युवाओं के लिए प्रेरणा, प्रशिक्षण और संगठनात्मक सुदृढ़ता का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। कार्यक्रम की सफलता के लिए परम पूज्य आचार्यश्री महाश्रमण जी के श्रीचरणों में कृतज्ञता ज्ञापित की गई, जिनके पावन आशीर्वाद से यह आयोजन संभव हो सका। आचार्य प्रवर व साध्वी प्रमुखा श्री विश्रुतविभा जी का सान्निध्य युवा साथियों के लिए विशेष प्रेरणास्रोत रहा।
उग्रविहारी तपोमूर्ति मुनि कमल कुमार जी, बहुश्रुत परिषद सदस्य मुनि दिनेश कुमार जी, तेरापंथ युवक परिषद के आध्यात्मिक पर्यवेक्षक मुनि योगेश कुमार जी एवं तेरापंथ किशोर मंडल के आध्यात्मिक पर्यवेक्षक मुनि नय कुमार जी ने अपने प्रेरक प्रशिक्षण से युवा शक्ति को जागृत एवं मार्गदर्शित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत, उपाध्यक्ष अनंत बागरेचा, अभिनंदन नाहटा, महामंत्री सौरव पटावरी, सहमंत्री पवन नौलखा, अंकुर लूनिया, कोषाध्यक्ष विकास बोथरा एवं संगठन मंत्री रोहित कोठारी सहित संपूर्ण ABTYP टीम के नेतृत्व, दूरदर्शिता एवं परिश्रम के कारण यह आयोजन अत्यंत सफल एवं प्रभावशाली रहा। साथ ही पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भालावत, संदीप कोठारी एवं निवर्तमान अध्यक्ष रमेश डागा के मार्गदर्शन को भी सराहा गया।
इस अवसर पर कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, मनिंदर जीत सिंह बिट्टा, दिलीप बैद एवं अरविंद मांडोत जैसे विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं को राष्ट्र सेवा, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन के सफल आयोजन में संयोजक जितेश पोखरणा के नेतृत्व में सह-संयोजक पीयूष लुणिया, अमित डूंगरवाल, विशाल पाटनी, सिद्धार्थ सोलंकी, मनीष डागा सहित संपूर्ण टीम का विशेष योगदान रहा। प्रबंध मंडल के मार्गदर्शन में सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संचालित की गईं।
उत्तरांचल क्षेत्र की विभिन्न 68 शाखाओं से आए 555 युवा साथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए इस सम्मेलन को सार्थक बनाया। यह आयोजन संगठनात्मक एकता, आपसी समन्वय एवं युवा शक्ति के सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को प्राप्त प्रशिक्षण, प्रेरणा एवं मूल्यों को अपने व्यक्तिगत जीवन एवं संगठनात्मक कार्यों में उतारने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विविध गतिविधियों ने युवाओं में उत्साह, जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ने ज्ञानवर्धन किया, वहीं भावांजलि ने आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण किया। हिट एंड फिट युवा रैली के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति सजगता का संदेश दिया गया, जबकि नेत्रदान प्रचार ने समाज सेवा की भावना को जागृत किया। अहिंसा रैली के जरिए शांति और सद्भाव का प्रभावी संदेश प्रसारित किया गया।