गुरुवाणी/ केन्द्र
शासनमाता स्मृति स्थल 'वात्सल्य पीठ' का भव्य उद्घाटन
शासनमाता, असाधारण साध्वीप्रमुखा कनकप्रभाजी के समाधि स्थल पर निर्मित ‘वात्सल्य पीठ’ का भव्य उद्घाटन समारोह श्रद्धा, गरिमा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शासनश्री मुनि विमलकुमारजी, बहुश्रुत मुनि उदितकुमारजी, डाॅ. मुनि अभिजीतकुमारजी एवं साध्वी कुंदनरेखाजी के पावन सान्निध्य ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊँचाइयों से अनुप्राणित किया।
कार्यक्रम में भारत सरकार के राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा मुख्य अतिथि, प्रख्यात उद्योगपति सावित्री जिंदल विशिष्ट अतिथि तथा जैन श्वेतांबर तेरापंथी महासभा के अध्यक्ष महेंद्र नाहटा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष सुमन नाहटा, आचार्य महाश्रमण प्रवास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन पटावरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्वों ने अपनी उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर जोधराज जी बैद ने आचार्य श्री महाश्रमण जी का संदेश पढ़कर सुनाया. दिल्ली सभा के सदस्यों ने डॉ.साध्वी कुंदन रेखा जी रचित भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया।
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि 'यह अवसर केवल एक स्मारक के उद्घाटन का नहीं, बल्कि एक दिव्य चेतना के पुनः प्रतिष्ठापन का क्षण है।' उन्होंने साध्वीप्रमुखा कनकप्रभाजी को 'वात्सल्य, करुणा और संवेदना की साक्षात् प्रतिमूर्ति' बताते हुए कहा कि वात्सल्य पीठ आने वाली पीढ़ियों के लिए एक जीवंत प्रेरणा केंद्र सिद्ध होगा।' मुनि विमल कुमार जी ने कहा कि 'वात्सल्य केवल भावना नहीं, बल्कि साधना की पराकाष्ठा है, जिसे शासन माता ने अपने जीवन में जिया।' मुनि उदितकुमार जी ने कहा कि 'उनका जीवन संयम और संतुलन का अद्भुत उदाहरण है, यह स्थल आत्मिक शांति का अनुभव कराएगा।'
डाॅ. मुनिश्री अभिजीतकुमार एवं साध्वी कुंदनरेखा ने शासनमाता के प्रति समर्पित अपनी कविता और उद्गार व्यक्त किए। सावित्री जिंदल ने इसे अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि 'वात्सल्य पीठ करुणा, ममता और साधना का जीवंत प्रतीक है।' उन्होंने साध्वीप्रमुखा को नारी शक्ति की प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके जीवन को महिलाओं के लिए मार्गदर्शक बताया।
महासभा अध्यक्ष महेंद्र नाहटा ने कहा कि 'यह केवल वात्सल्य पीठ का उद्घाटन नहीं, बल्कि एक जीवंत आध्यात्मिक चेतना एवं उससे जुड़ी स्मृतियों का उत्सव है।' उन्होंने इसे 'करुणा और साधना का दिव्य तीर्थ' बताते हुए विश्वास जताया कि यह पीठ आने वाली पीढ़ियों को दिशा प्रदान करेगी। आचार्य महाश्रमण प्रवास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन पटावरी ने कहा कि 'यह वात्सल्य पीठ शासनमाता के जीवन मूल्यों का साकार रूप है, जो समाज को सेवा, संयम और समर्पण की प्रेरणा देगा।'
उन्होंने युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण के दिल्ली के प्रति विशेष अनुकंपा का उल्लेख करते हुए कहा कि 'यह स्थल साधना और संस्कारों का ऐसा केंद्र बनेगा, जहाँ से नई पीढ़ी जीवन के सही मार्ग को पहचान सकेगी।' इस अवसर पर जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा दिल्ली के अध्यक्ष सुखराज सेठिया ने साध्वीप्रमुखा कनकप्रभा के बहुआयामी व्यक्तित्व और उनकी साहित्यिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्हें 'तुलसी की अनुपम कृति' बताया। कार्यक्रम में वात्सल्य पीठ के समन्वयक श्री लक्ष्मीपत बोथरा ने निर्माण कार्य की विशेषताओं को रेखांकित किया, जबकि कार्यक्रम का कुशल संचालन महामंत्री श्री प्रमोद घोड़ावत ने किया। इस अवसर पर शासन माता साध्वी प्रमुखा कनक प्रभा जी के बहुआयामी व्यक्तित्व , कृतित्व पर और उनके जीवन दर्शन पर एक भव्य प्रदर्शनी ने सभी को प्रभावित किया।
शासन माता की संसार पक्षीय बहन निर्मला पुगलिया ने अपने उद्गार व्यक्त किये।विशेष अनुदानदाता विकास मालू की मातुश्री विजया देवी ने भी इस अवसर पर अपने भावपूर्ण उद्गार व्यक्त करते हुए इस पावन कार्य को एक आध्यात्मिक पुण्य बताया। समारोह में सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि 'वात्सल्य पीठ' केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि करुणा, साधना और आत्मिक उत्थान का जीवंत केंद्र बनेगा। यह स्थल आने वाले समय में श्रद्धा, प्रेरणा और आध्यात्मिक ऊर्जा का एक महत्वपूर्ण तीर्थ बनकर उभरेगा, ऐसी भावनाएं व्यक्त की।