संस्थाएं
अक्षय तृतीया पर श्रद्धासिक्त विभिन्न कार्यक्रम
महाप्रज्ञ भवन में अक्षय तृतीया का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बहुश्रुत परिषद के सदस्य एवं ज्ञानशाला के आध्यात्मिक पर्यवेक्षक मुनि उदित कुमार जी ने अक्षय तृतीया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का दिन एक विशेष तप की परिसंपन्नता का दिन है, जो हमें धैर्य व सहिष्णुता की प्रेरणा देता है। प्रसंगवश, मुनिश्री ने आचार्य श्री महाश्रमण जी के दीक्षा प्रदाता श्रद्धेय मंत्री मुनिश्री सुमेरमल जी स्वामी की सातवीं पुण्यतिथि पर उनका स्मरण किया। उन्होंने बताया कि अक्षय तृतीया की यह पवित्र तिथि मंत्री मुनिश्री के देवलोकगमन की भी साक्षी है, और इस अवसर पर उन्होंने उनके प्रति अपना गहरा श्रद्धार्पण किया। कार्यक्रम में शासन मुनिश्री विमल कुमार जी एवं बहुश्रुत मुनि उदित कुमार जी , मुनि अभिजीत कुमार जी के विशेष सान्निध्य में 7 तपस्वी भाई-बहनों ने इक्षुरस बहराकर अपने वर्षीतप का पारणा किया। तेरापंथ सभा दिल्ली द्वारा सभी तपस्वियों का साहित्य आदि से सम्मान किया गया। सभा अध्यक्ष सुखराज सेठिया सहित अनेक तपस्वी परिवारों व श्रावकों ने अपनी मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम का संचालन तेरापंथी सभा दिल्ली के उपाध्यक्ष बाबूलाल जी दुगड ने किया।