संस्थाएं
अभातेयुप द्वारा युवा दिवस का भव्य आयोजन
परम पूज्य आचार्यश्री महाश्रमणजी के 53वें दीक्षा दिवस पर परम पावन आचार्यप्रवर के पावन सान्निध्य में जैन विश्व भारती, लाडनूं में 30 अप्रैल 2026 को अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा ‘युवा दिवस’ का आयोजन किया गया। परम पूज्य गुरुदेव ने युवाओं को नशा मुक्ति की प्रेरणा देते हुए अभातेयुप एवं युवाओं को आध्यात्मिक सामाजिक क्षेत्र में खूब विकास करने का आशीर्वाद दिया। अभातेयुप राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने तेरापंथ समाज की संपूर्ण युवा शक्ति की ओर से परम पूज्य गुरुदेव के चरणों में भावांजलि अर्पित की। तेरापंथ युवक परिषद, अहमदाबाद के युवा साथियों द्वारा पूज्य गुरुदेव के जीवनवृत्तांत को अलग-अलग खंड में चित्र के माध्यम से मधुर गीत के साथ प्रस्तुत किया गया। संयोजन अभातेयुप महामंत्री सौरभ पटावरी ने किया।
इस अवसर पर अभातेयुप द्वारा परम पूज्य आचार्य प्रवर को श्रद्धाप्रणति स्वरूप ‘तपोयज्ञ’ के अंतर्गत ‘संयम सुपर स्प्रिंट’, ‘सरगम’ के अंतर्गत ‘महाश्रमणोत्सव मंगलम 3.0’ एवं ‘संयम यूनिवर्स’ का आयोजन किया गया। जैन विश्व भारती स्थित सुधर्मा सभा में संयम यूनिवर्स का सांकेतिक निर्माण किया गया, जहां स्वयं गुरुदेव ने पधार कर अवलोकन करवाते हुए आशीर्वाद की वर्षा से युवा शक्ति को कृतार्थ किया। इसमें कल्पवृक्ष, संयम व्हील, अमृत कलश एवं संयम सेल्फी बूथ जैसे प्रेरणादायक प्रतीक बनाए गए। देशभर से लाडनूं पधारे श्रद्धालुओं एवं युवाओं ने पूज्य गुरुदेव के सान्निध्य में संयम यूनिवर्स में संकल्प ग्रहण किए। संयम यूनिवर्स आगंतुक युवाओं और श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभव, प्रेरणा एवं आत्म-संकल्प का केंद्र बिंदु बना। संयम सुपर स्प्रिंट के अंतर्गत देशभर की लगभग 201 परिषदों की सक्रिय सहभागिता रही एवं अभियान के अंतर्गत 27,000 से अधिक संकल्प पूर्ण किए गए। ‘तेरापंथ टास्क फोर्स’ के अंतर्गत ‘टीटीएफ शौर्य: लाइफ सेविंग अभियान’ का शुभारंभ परम पूज्य गुरुदेव के पावन सान्निध्य में किया गया, जिसके अंतर्गत देशभर में 53 कार्यशालाओं के आयोजन का लक्ष्य रखा गया है।
युवा दिवस की पूर्व संध्या पर 29 अप्रैल 2026 को जैन विश्व भारती स्थित महाप्रज्ञ प्रोग्रेसिव स्कूल के महाश्रमण ऑडिटोरियम में भव्य भक्ति संध्या ‘महाश्रमणोस्तु मंगलम 3.0’ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धानिष्ठ संगायक कमल सेठिया ने भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। केन्द्र के अतिरिक्त ‘महाश्रमणोत्सव मंगलम 3.0’ के अंतर्गत देशभर में 75 से अधिक परिषदों द्वारा भक्ति संध्या का आयोजन कर सहभागिता दर्ज करवाई जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष महोदय पवन मांडोत के नेतृत्व में युवा साथियों ने युवा दिवस की प्रातः कालीन मंगल बेला में शुभकामना एवं गीत से आचार्य प्रवर की अभ्यर्थना की। इसी के साथ साध्वीप्रमुखाश्री विश्रुतविभाजी के चयन दिवस पर उनके समक्ष भी अभिवंदना के स्वर प्रस्तुत किए गए।
युवा दिवस 2026 के अंतर्गत आयोजित संयम सुपर स्प्रिंट, महाश्रमणोत्सव मंगलम 3.0 एवं संयम यूनिवर्स को देशभर में अत्यंत सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हुआ। आयोजन को सफल बनाने में अभातेयुप प्रबंध मंडल के साथ युवा दिवस संयोजक सिद्धार्थ चोरड़िया, सहसंयोजक कैलाश तातेड़ एवं नीरज आच्छा का निष्ठापूर्ण श्रम व सहयोग रहा। शाखा परिषदों एवं कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन भव्य एवं प्रेरणादायक रहा।