संस्थाएं
आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण का सफल आयोजन
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के तत्वावधान में, गुरुदेव आचार्य श्री महाश्रमण जी के 53वें दीक्षा दिवस के पावन उपलक्ष्य में देशभर में प्रशिक्षण कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में हैदराबाद में प्रथम कैंप का सफल एवं प्रभावी आयोजन सम्पन्न हुआ। युवा दिवस 2026 के अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद्, हैदराबाद द्वारा 'टीटीएफ शौर्य' के अंतर्गत अकैडेमस स्कूल, हैदराबाद में एक विशेष आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों—जैसे जलने, रक्तस्राव, दम घुटने, फ्रैक्चर—में त्वरित एवं प्रभावी प्राथमिक उपचार प्रदान करने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, स्ट्रेचर के सही उपयोग तथा सीपीआर (CPR) जैसी जीवनरक्षक प्रक्रियाओं का भी विस्तारपूर्वक अभ्यास कराया गया। इस प्रशिक्षण सत्र का संचालन EMRI Green Health Services के अनुभवी प्रशिक्षक प्रमोद कुमार द्वारा अत्यंत कुशलता के साथ किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं उपयोगी ज्ञान प्राप्त हुआ। इस महत्त्वपूर्ण पहल को Young Indians तथा Hyderabad City Security Council का सशक्त सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे कार्यक्रम की गुणवत्ता और प्रभावशीलता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। तेरापंथ युवक परिषद्, हैदराबाद की ओर से मंत्री निरज सुराणा, टीटीएफ ग्रीन ब्रिगेड के कार्यकारी सदस्य प्रांजल दुगड़ एवं सदस्य सौरभ बैद की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय रही।