संस्थाएं
भक्ति रस में सराबोर हुई 'महाश्रमणोस्तु मंगलम् – एक भक्ति संध्या'
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद गंगाशहर के द्वारा युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के 53वें दीक्षा दिवस के उपलक्ष्य में 'महाश्रमणोस्तु मंगलम् – एक भव्य भक्ति संध्या' का आयोजन टी.एम.ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही तथा पूरा वातावरण गुरु भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रिया पारख द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण गीत से हुआ। इसके पश्चात एकता पुगलिया ने आचार्य भिक्षु को समर्पित भावपूर्ण गीत की प्रस्तुति देकर सभी को भाव-विभोर कर दिया। तेरापंथ युवक परिषद गंगाशहर की ओर से राजेंद्र बोथरा, संगीत बोथरा एवं टीम द्वारा सामूहिक गीत प्रस्तुत कर गुरु भक्ति का संदेश दिया गया। तेयुप अध्यक्ष ललित राखेचा ने स्वागत उद्बोधन में सभी श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि गुरु भक्ति का यह अवसर सभी के जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करने वाला है। कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक रामलाल सूरज देवी रांका चैरिटेबल ट्रस्ट रहे। कार्यक्रम प्रभारी संगीत बोथरा ने जानकारी देते हुए बताया कि भक्ति संध्या के मुख्य गायक प्रसिद्ध कलाकार दर्शन चौपड़ा ने अपनी सुमधुर एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने गुरुदेव की महिमा, त्याग, तप एवं आध्यात्मिक संदेशों से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे। मंत्री मांगीलाल बोथरा ने बताया कि दर्शन चौपड़ा बॉलीवुड एवं नीता अंबानी कल्चरल सेंटर में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रायोजक परिवार एवं कलाकारों का सम्मान पताका, साहित्य एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन उपाध्यक्ष देवेंद्र डागा ने किया। अंत में मंत्री मांगीलाल बोथरा ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। परिषद ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भावना एवं सकारात्मक ऊर्जा के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।