श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभाओं के समाचार

संस्थाएं

चेन्नई

श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभाओं के समाचार

श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा चेन्नई के अध्यक्ष अशोक खतंग की अध्यक्षता में तेरापंथ भवन,साहूकारपेट में वार्षिक साधारण सभा का आयोजन हुआ।सामूहिक नमस्कार महामंत्र के साथ बैठक का शुभारम्भ हुआ। श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन तनसुख नाहर ने किया। अध्यक्षीय स्वागत भाषण में अशोक खतंग ने सभा की गतिविधियों का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया तथा सम्पूर्ण समाज द्वारा प्राप्त स्नेह व सहयोग के प्रति कृतज्ञता के भाव अभिव्यक्त किये। चुनावी प्रक्रिया का शुभारंभ करते हुए चुनाव अधिकारी अशोक बोहरा व सह चुनाव अधिकारी दिनेश भंसाली ने बताया कि अध्यक्षीय पद हेतु दो प्रत्याशियों महेंद्र मांडोत व अनिल सेठिया के नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।दोनों प्रत्याशियों की सदन के मध्य विचार अभिव्यक्ति के पश्चात मतदान प्रक्रिया सम्पन्न हुई।मतगणना के आधार पर अंततः चुनाव अधिकारी द्वय ने महेन्द्र मांडोत के वर्ष 2026-28 के लिए अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने की घोषणा के साथ उन्हें इस आशय का प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया। चेन्नई में तेरापंथ धर्मसंघ की सभी संस्थाओं व ट्रस्ट बोर्ड आदि के प्रतिनिधियों, अध्यक्षीय अनिल सेठिया,महासभा पर्यवेक्षक द्वय तथा गणमान्य सदस्यों ने महेंद्र मांडोत के प्रति पूर्ण सहयोग के आश्वाशन के साथ हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अंत में नव निर्वाचित अध्यक्ष महेंद्र मांडोत ने अपने वक्तव्य में सम्पूर्ण समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सबके सहयोग से ,पूर्ण निष्ठा के साथ संघ व समाज हित में कार्य करने का वचन दिया। महासभा पर्यवेक्षक प्रकाश लोढा व संजय बांठिया भी विशेष रूप से उपस्थित थे। संगठन मंत्री चंद्रेश चिप्पड़ के धन्यवाद ज्ञापन के साथ अधिवेशन की कार्यवाही का समापन हुआ।