श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभाओं के समाचार

संस्थाएं

गंगाशहर

श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभाओं के समाचार

श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा गंगाशहर का शपथ ग्रहण समारोह मुनि अमृत कुमार जी के सान्निध्य में बोथरा भवन गंगाशहर में आयोजित किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में तेरापंथी सभा गंगाशहर के मंत्री जतन लाल संचेती ने पिछले कार्यकाल में सभा द्वारा किए गए कार्यों का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। सत्र 2026-28 के लिए नव मनोनीत अध्यक्ष नवरतन बोथरा ने बोथरा भवन में मुनि अमृत कुमार जी के सान्निध्य में अपनी टीम के साथ शपथ ली। शपथ से पूर्व अपने उद्बोधन में नवरतन बोथरा ने कहा कि मैं और मेरी पूरी टीम संघ के द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रम पूरी निष्ठा से करेंगे। दायित्व ग्रहण करने के बाद सबसे महत्वपूर्ण कार्य है शान्तिनिकेतन का नव निर्माण करवाना इसके लिए पूरे समाज से यही आग्रह है कि जो भी इस कार्य में जुड़ना चाहे और सहयोग देना चाहे वह जुड़ सकता है चाहे तन से, चाहे मन से, चाहे धन से सभी तरह से जुड़ सकता है। सभी से यही आग्रह है कि सभा के सभी कार्यक्रमो में उत्साहपूर्वक भाग लेवें। नवरतन बोथरा ने नई टीम की घोषणा की पूर्व अध्यक्ष अमरचन्द सोनी ने पूरी टीम को शपथ दिलाई। तेरापंथ महासभा के संरक्षक जैन लूणकरण छाजेड़ ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया जिसका उच्चारण सभी श्रावक समाज ने किया । भिक्षु भजन मण्डली के सदस्यों ने सभा गीत का संगान किया। मुनिश्री अमृत कुमार जी ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि आज नई जोड़ी है नवरतन व जतन अब यह टीम पूरी लगन से कार्य करे, यही मंगलकामना है। मुनिश्री ने बताया कि मैने ऐसा पहली बार किसी सभा को देखा है जिसकी पूरी केबिनेट टीम प्रतिदिन दर्शन सेवा का लाभ लेती है और किसी भी सभा का अध्यक्ष चरित्रात्माओं के पैदल विहार में सहभागी बनता है और लाडनूं तक जाता है। सभा के सभी पदाधिकारीगण, कार्यकारिणी सदस्य व पूरी टीम सेवा के क्षेत्र में गतिमान बने। आध्यात्मिक विकास के कार्य में गतिशीलता बढानी है। चाहे साधु-साध्वियों की सेवा हो, चाहे समाज की सेवा हो सबमें अपना सहयोग देना है। मुनि उपशम कुमार जी ने नवगठित टीम को बधाई दी और सभी को एक ही वाक्य में अपनी बात कही की टीम में सलाहकार तो बहुत होते है सहयोग बहुत कम होते है। हमें सलाहकार नहीं बनना है हमें सहयोगी बनना है। धर्मसंघ की हर गतिविधियों मे हमें सहयोग करना है। हमें टीम का सहयोग करना है ईर्षा की भावना नहीं रखनी है सभी के साथ प्रमोद भावना रखनी है। जैन महासभा बीकानेर के अध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा ने तेरापंथी सभा, गंगाशहर की नवगठित टीम को बधाई दी और कहा कि तेरापंथ समाज का हर व्यक्ति बहुत सहयोग देने वाला है। जैन महासभा के सभी आयमो में तेरापंथ समाज पुरा सहयोग प्रदान करे। नव मनोनीत अध्यक्ष नवरतन बोथरा पूरी अपनी सच्ची लगन से कार्य सम्पादित करे और जैन महासभा, बीकानेर के साथ भी अपना सहयोग बराबर बनाये रखे। तेरापंथी महासभा के संरक्षक जैन लूणकरण छाजेड़ ने पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि शपथ ग्रहण करने वाले सभी कार्यकर्ता पदाधिकारियों को समाज के कार्यों में सहयोग करें। आचार्य तुलसी शान्ति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष गणेश बोथरा, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा के आंचलिक प्रभारी भैरूदान सेठिया, तेरापंथ महिला मण्डल की अध्यक्ष प्रेम बोथरा, तेयुप के अध्यक्ष ललित राखेचा ने पूरी टीम को बधाई दी। सञ्चालन जतनलाल संचेती ने किया।