श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभाओं के समाचार

संस्थाएं

दिल्ली

श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभाओं के समाचार

बहुश्रुत मुनि उदित कुमार जी स्वामी एवं मुनि जयकुमार जी एवं दो मुनि अभिजीत कुमार जी आदि ठाणा-८ के सान्निध्य में जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, दिल्ली के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारिणी टीम का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को कीर्ति नगर स्थित इनोवेटिव बैंक्वेट हॉल में अत्यंत गरिमापूर्ण और उमंग के वातावरण में संपन्न हुआ। इसी भव्य आयोजन के साथ केंद्रीय सभा के अतिरिक्त तीन क्षेत्रीय सभाओं—पीतमपुरा सभा, मानसरोवर गार्डन सभा और कीर्ति नगर सभा के भी अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों का भी शपथ ग्रहण संपन्न हुआ। समारोह में उपस्थित विशाल जनमेदिनी को संबोधित करते हुए बहुश्रुत मुनि उदित कुमार जी ने विशेष उद्बोधन में फरमाया-'पद कोई अधिकार नहीं, बल्कि समाज की उन्नति के लिए मिला एक पवित्र अवसर है। जब हम 'मैं' और 'मेरा' की भावना से ऊपर उठकर काम करते हैं, तभी संगठन में सच्ची आत्मिक शक्ति का संचार होता है। नई टीम पूरी ऊर्जा, आपसी सद्भाव और समर्पण के साथ सिर्फ और सिर्फ समाज कल्याण को अपना लक्ष्य बनाए। आचार्यश्री के सिद्धांतों को जीवन में उतारकर किया गया कार्य ही समाज को असली प्रगति की ओर ले जाएगा। इसी क्रम में मुनि जय कुमार जी ने मार्गदर्शन देते हुए कहा कि किसी भी संस्था की नींव उसके कार्यकर्ताओं के आपसी तालमेल और विनम्र व्यवहार पर टिकी होती है, नई टीम इसे हमेशा याद रखे। वहीं डॉ. मुनि अभिजित कुमार जी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि कार्यों में पारदर्शिता और नई सोच का समावेश ही संगठन को समय के साथ मजबूत और प्रासंगिक बनाए रखता है। इस पावन माहौल में नवनिर्वाचित अध्यक्ष विमल कुमार बैंगानी और महामंत्री प्रदीप संचेती ने अपनी पूरी टीम के साथ धर्मसंघ की मर्यादाओं के तहत निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने की विधिवत शपथ ली। साथ ही तीनों क्षेत्रीय सभाओं के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने भी अपने दायित्वों को निष्ठापूर्वक निभाने का संकल्प लिया।