संस्थाएं
सात दिवसीय कॉन्फिडेंट पब्लिक स्पीकिंग कार्यशाला का आयोजन
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद द्वारा सीपीएस अकैडमी फॉर लीडरशिप एंड एक्सीलेंस के सहयोग से जूनियर एवं सीनियर ग्रुप के लिए सात दिवसीय कॉन्फिडेंट पब्लिक स्पीकिंग वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। सेठ सागरमल सुराणा जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के अध्यापक एवं बच्चों के साथ साथ तेरापंथ समाज के श्रावकों ने प्रशिक्षण लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ABTYP पदाधिकारि पवन नौलखा द्वारा की गई। कार्यशाला में 55 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सात दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद कौशल एवं आत्मविश्वास में वृद्धि करना था। कार्यशाला के दौरान सीपीएस जोनल ट्रेनर सिमरन पोखराना, रजत संजय संचेती तथा प्रोविजनल नेशनल ट्रेनर खुशी कोठारी ने विभिन्न गतिविधियों, अभ्यास सत्रों एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन के माध्यम से प्रतिभागियों को मंच संचालन, प्रभावी व्यक्तित्व कला एवं आत्मविश्वासपूर्ण अभिव्यक्ति के गुर सिखाए। इस अवसर पर जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा सिरसा का सक्रिय सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार की कार्यशालाएं युवाओं एवं बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए तैयार करती हैं।