तेरापंथ किशोर मंडल का 21वां राष्ट्रीय सम्मेलन

संस्थाएं

लाडनू।

तेरापंथ किशोर मंडल का 21वां राष्ट्रीय सम्मेलन

अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के तत्वावधान में तेरापंथ किशोर मंडल का 21वां राष्ट्रीय सम्मेलन GEN-Z Conclave 2026 Think - Learn - Transform युवा आलोक, लाडनूं में परम पूज्य आचार्यश्री महाश्रमणजी के पावन सान्निध्य में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के 56 तेरापंथ किशोर मंडल शाखाओं से आए 530 से अधिक किशोरों ने सहभागिता कर संस्कार, नेतृत्व, नवाचार, आध्यात्मिकता एवं व्यक्तित्व विकास के विविध आयामों को आत्मसात किया।
अधिवेशन के प्रथम दिवस का शुभारंभ आचार्यश्री महाश्रमणजी के मंगलपाठ से हुआ। युवालोक में आयोजित उद्घाटन सत्र में मुनि नयकुमारजी द्वारा नमस्कार महामंत्र का संगान कराया गया तथा अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के पूर्व अध्यक्ष सुखराज सेठिया द्वारा श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन करवाया गया।
अभातेयुप राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने सम्मेलन के शुभारंभ की घोषणा करते हुए कहा कि तेरापंथ धर्मसंघ प्रत्येक किशोर को अपनी प्रतिभा विकसित करने का अनूठा मंच प्रदान करता है और हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमें इस धर्मसंघ में जन्म लेने का अवसर प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर 21वें राष्ट्रीय सम्मेलन का थीम सॉन्ग भी प्रस्तुत किया गया।
प्रथम दिवस के अंतर्गत 'Mind Rush' नामक क्विज एवं ‘ब्रेन-स्टॉर्मिंग’ गतिविधि का आयोजन किया गया। 'Summit Studio&The Creators Lab' सत्र में प्रसिद्ध वक्ता एवं स्टार्टअप उद्यमी हर्ष दूगड़ ने सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन एवं प्रभावशाली डिजिटल उपस्थिति के विषय में किशोरों का मार्गदर्शन किया। दिवस का समापन ‘भिक्षु अंतरंग’ कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसमें प्रसिद्ध गायक दर्शन चोपड़ा ने अपनी प्रस्तुति से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
द्वितीय दिवस का शुभारंभ ‘संस्कार केन्द्र’ के प्रस्तावित प्रतिरूप के प्रस्तुतिकरण के साथ हुआ। इस अवसर पर TKM AXIS के प्रगति प्रतिवेदन तथा टीम बिल्डिंग एवं नवाचार आधारित गतिविधियों के प्रतिरूप प्रस्तुत किए गए। परम पूज्य गुरुदेव ने प्रस्तुत प्रतिरूपों का अवलोकन कर किशोरों पर महती कृपा करवाई। संस्कार केन्द्र के प्रति जनजागरण हेतु Run for Sanskar Kendra मैराथन का भी आयोजन किया गया।
द्वितीय सत्र TTF शौर्य के अंतर्गत तेरापंथ टास्क फोर्स द्वारा किशोरों को आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों एवं मानव सेवा के लिए प्रशिक्षित एवं प्रेरित किया गया। इसके पश्चात प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार से सम्मानित एवं वेल्ट्रिनॉक्स स्टार्टअप के संस्थापक आर्यन सिंह ने किशोरों को अपने अभिनव विचारों को सफल स्टार्टअप में परिवर्तित करने की प्रेरणा प्रदान की।
‘भिक्षु दरबार’ नाटक मंचन में पंचायत की थीम पर आधारित एक अभिनव प्रस्तुति के माध्यम से आचार्यश्री भिक्षु के दर्शन एवं सिद्धांतों को सरल एवं प्रभावशाली शैली में प्रस्तुत किया गया। मुनि योगेशकुमारजी ने किशोरों को धर्मसंघ के प्रति समर्पण, आत्मविकास एवं व्यापक चिंतन के लिए प्रेरित किया।
दिवस का मुख्य आकर्षण Innovision Expo एवं Kishore Fiesta रहा। इस आयोजन में लगभग 12 किशोरों ने अपने स्टार्टअप एवं नवाचारों का प्रदर्शन किया, जबकि देशभर के 17 तेरापंथ किशोर मंडलों ने विभिन्न रचनात्मक एवं प्रेरणादायक स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अनूठे आयोजन ने अधिवेशन को विशेष पहचान प्रदान की।
तृतीय एवं अंतिम दिवस पर परम पूज्य गुरुदेव के पावन सान्निध्य में मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभातेयुप राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने GENZ Conclave की अवधारणा, उद्देश्यों एवं अधिवेशन की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष महोदय ने अभातेयुप के तत्वावधान में संस्कार केन्द्र के शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने प्रायोगिक तौर पर प्रथम चरण में जयपुर, चेन्नई, बैंगलोर एवं सूरत में संस्कार केन्द्र के शीघ्र शुभारंभ की घोषणा की। प्रतिवर्ष अगस्त के प्रथम रविवार को ‘किशोर दिवस’ के आयोजन की घोषणा की। प्रत्येक तेरापंथी किशोर को तेरापंथ किशोर मंडल का सदस्य बनाने हेतु सलक्ष्य प्रयास करने की बात रखी।
तेरापंथ किशोर मंडल के राष्ट्रीय प्रभारी मयंक धाकड़ द्वारा TKM AXIS का वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन पूज्य गुरुदेव के समक्ष प्रस्तुत किया गया एवं अभातेयुप के निर्देशन में तेरापंथ किशोर मंडल द्वारा संपादित किये जाने वाले विशेष कार्यक्रमों की अवगति प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान ‘दान’ विषय पर आधारित एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति भी दी गई।
मंगल उद्बोधन प्रदान कराते हुए परम पूज्य आचार्यश्री महाश्रमणजी ने फरमाया- ‘‘तेरापंथ किशोर मंडल का यह सम्मेलन अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद से जुड़ा हुआ एक उपक्रम है। अवलोकन में यह भी आया कि किशोरों द्वारा रास्ते की सेवा में, विशेषकर चारित्रात्माओं की सेवा में भी, अपना योगदान दिया जा रहा है। अभी एक अभिनयात्मक प्रस्तुति के माध्यम से तेरापंथ दर्शन को समझाने का प्रयास किया गया, जिसमें असंयमी-संयमी की अवधारणा, देहदान, नेत्रदान, रोटीदान आदि विषयों को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया।
यह प्रस्तुति आचार्यश्री भिक्षु जन्म त्रिशताब्दी वर्ष एवं भिक्षु चेतना वर्ष के संदर्भ में और भी अधिक प्रासंगिक बन जाती है। हमारा चिंतन है कि इस वर्ष के अधिवेशनों एवं सम्मेलनों में तेरापंथ दर्शन तथा आचार्य भिक्षु के जीवन एवं दर्शन का प्रभाव रहना चाहिए। आचार्यश्री भिक्षु को जानने-समझने के लिए उनके जीवनवृत्त एवं साहित्य का अध्ययन हो तथा ‘तेरापंथ प्रबोध’ के माध्यम से भी उनके जीवन और दर्शन को समझने का अच्छा अवसर प्राप्त हो सकता है। किशोरों पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि यह पीढ़ी सुसंस्कारी, उपयोगी और सुदृढ़ बने तथा मार्ग से विचलित न हो। इसी दृष्टि से अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा किया जा रहा व्यक्तित्व निर्माण एवं किशोर निर्माण का कार्य महत्वपूर्ण है। यह समय गर्मी की छुट्टियों का भी है और इस बार यह सम्मेलन जैन विश्व भारती परिसर में आयोजित हो रहा है, जहाँ पर्याप्त सुविधा भी उपलब्ध है। यह स्थान स्वयं तेयुप का अपना घर है। यहां युवालोक, युवाआलोक भवन, जो मानों तेयुप का अपना घर है। अतः अपने ही घर एवं इसके परिपार्श्व में सम्मेलन का आयोजन किशोरों के लिए एक अच्छा अवसर है। किशोरों में अपनी शक्ति और ज्ञान के सदुपयोग का संकल्प भी विकसित होना चाहिए। प्रस्तुत की गई गीतिकाओं सहित कुल छह गीत स्वाध्याय की दृष्टि से उपयोगी हैं तथा उनसे तत्वज्ञान का भी विकास होता है। इस प्रकार किशोरों के सर्वांगीण विकास, उनकी उचित सार-संभाल तथा अधिकाधिक किशोरों को जोड़ने का प्रयास निरंतर होता रहना चाहिए। किशोर दिवस के संबंध में भी पूर्व में कल्याण परिषद गोष्ठी एवं चिंतन गोष्ठी में विचार-विमर्श एवं निर्णय हुआ है। अतः किशोर दिवस की समुचित तैयारी हो तथा स्थानीय स्तर पर इसके माध्यम से अधिकाधिक किशोरों को जोड़ने एवं जुड़े हुए किशोरों को प्रेरित करने का प्रयास किया जाए। इससे यह कार्य और अधिक प्रभावी एवं व्यापक रूप से आगे बढ़ सकता है।’’
मुनि नयकुमारजी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि आप सभी का सौभाग्य है कि आप सभी किशोर तेरापंथ किशोर मंडल से जुड़े हैं तथा हमें आचार्यश्री महाश्रमणजी जैसे महान गुरु का सान्निध्य प्राप्त है। उन्होंने कहा कि गुरु इंगित की आराधना करते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए तथा तेरापंथ धर्मसंघ के प्रत्येक कार्य को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में अभातेयुप उपाध्यक्ष प्रथम अनंत बागरेचा, उपाध्यक्ष द्वितीय अभिनंदन नाहटा, महामंत्री सौरभ पटावरी, सहमंत्री द्वितीय अंकुर लूनिया, संगठन मंत्री रोहित कोठारी, कोषाध्यक्ष विकास बोथरा एवं राष्ट्रीय अधिवेशन के सह-संयोजक कमलेश भंसाली ने भी अपने प्रेरक विचार व्यक्त किए।
मंचीय कार्यक्रम के उपरांत Terapanth's Got Talent एवं TKM Excellence Lab का शुभारंभ किया गया, जिसमें किशोरों ने अपनी विविध प्रतिभाओं एवं रचनात्मक क्षमताओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसके पश्चात तेरापंथ किशोर मंडल के राष्ट्रीय सह-प्रभारी बजरंग कुंडलिया एवं श्रेणिक कुचेरिया द्वारा आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने आचार्य श्री महाश्रमणजी, संत-सन्निधि, अभातेयुप, आयोजन समिति, समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं देशभर से पधारे प्रतिभागियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
अंत में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं, गतिविधियों एवं वर्षभर के उत्कृष्ट कार्यों के लिए किशोरों, तेरापंथ किशोर मंडल शाखाओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
सदस्य संख्या के आधार पर किये गये विशेष कार्यों के मूल्यांकन के अनुसार सर्वश्रेष्ठ तेरापंथ किशोर मंडल निम्न प्रकार रहे-
सदस्य संख्या 1 से 25 - तेरापंथ किशोर मंडल, फरीदाबाद
सदस्य संख्या 25 से 75 - तेरापंथ किशोर मंडल, बालोतरा
सदस्य संख्या 75 से अधिक - तेरापंथ किशोर मंडल, अहमदाबाद एवं हैदराबाद (संयुक्त)
तीन दिवसीय GENZ Conclave 2026 अध्यात्म, संस्कार, सेवा, नेतृत्व, नवाचार एवं व्यक्तित्व निर्माण का एक अद्भुत संगम सिद्ध हुआ।
यह राष्ट्रीय अधिवेशन देशभर से आए किशोरों के लिए प्रेरणा, सीख, प्रतिभा प्रदर्शन एवं आत्मविकास का एक अविस्मरणीय मंच बनकर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। विभिन्न व्यवस्थाओं में जैन विश्व भारती एवं आचार्यश्री महाश्रमण योगक्षेम वर्ष प्रवास व्यवस्था समिति का पूर्ण सहयोग रहा।