संस्थाएं
संस्कार निर्माण शिविर समापन समारोह का आयोजन
जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा के तत्वावधान में युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि जिनेश कुमार जी ठाणा-3 के सान्निध्य में संस्कार निर्माण शिविर समापन समारोह का भव्य आयोजन साउथ कलकत्ता श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा द्वारा महावीर सेवा सदन में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में महासभा के महामंत्री विनोद बैद, न्यासी बाबूलाल बोथरा, शिविर के राष्ट्रीय संयोजक राजेश बाफना, महावीर सेवा सदन के संस्थापक अध्यक्ष जे.एस. मेहता, अध्यक्ष विजय सिंह चोरड़िया आदि अनेक गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित थे। शिविर के मुख्य प्रशिक्षक उपासक सुधांशु चिंडालिया, प्रशिक्षक उपासक सुरेन्द्र सेठिया, उपासक संजय पारख थे। इस अवसर पर उपस्थित धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि जिनेश कुमार जी ने कहा — जीवन में ज्योति पाने का अमोघ उपाय है - सुसंस्कार। सुसंस्कार से आत्मा परिमार्जित व संस्कारित होती है। संस्कार हमारे जीवन का धन व सुरक्षा कवच है। संस्कार हृदय की पुलकन व गुल की गुलशन है। सुसंस्कार आत्मा की खुराक है। सुसंस्कारों के मक्खन से आत्मा को पौष्टिक भोजन मिलता है। बच्चे यहाँ से ग्रहण किये गये संस्कारों को आगे बढ़ाने का प्रयत्न करते रहें। सही मायने में आज शिविर समापन नहीं अपितु शुभारंभ मानना चाहिए। मुनि कुणाल कुमार जी ने सुमधुर गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिविरार्थी बच्चों के मंगलाचरण से हुआ। स्थानीय शिविर संयोजक नवीन दुगड़ ने शिविर की रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन मुनि परमानंदजी ने किया। आभार ज्ञापन साउथ सभा के पूर्व मंत्री कमल कोचर ने किया। शिविर में कुल 51 शिविरार्थियों ने हिस्सा लिया।