तेरापंथ युवक परिषद् का शपथ ग्रहण समारोह

संस्थाएं

अहमदाबाद-उत्तर।

तेरापंथ युवक परिषद् का शपथ ग्रहण समारोह

साध्वी अणिमाश्रीजी के सान्निध्य में नवनिर्मित मोटेरा के तेरापंथ भवन में अहमदाबाद-उत्तर तेरापंथ युवक परिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। यह गरिमामय कार्यक्रम अभातेयुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत, महामंत्री सौरभ पटवारी, मुकेश गुगलिया, आदि की उपस्थिति में आयोजित हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने अपने महामंत्री के साथ मिलकर उत्तर तेयुप के नवमनोनीत अध्यक्ष दिलीप भंसाली को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। साध्वी अणिमाश्रीजी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा- सम्पूर्ण अध्यात्म जगत में हमारा तेरापंथ धर्मसंघ अलबेला है। अलबेला इसलिए कि यह संघ एक आचार्य के नेतृत्व में विकास के प्रांशु शिखरों पर आरोहण कर रही है।
संघ के आचार्य अपने श्रम से संघ को सिंचन देकर संघ की धरती पर गुलाब खिला रहे हैं एवं अपनी कृपा दृष्टि से खिलते गुलाबों में सौरभ का संचार कर रहे हैं। हमारे धर्मसंघ के खिलते गुलाबों में एक नाम है अ.भा.ते.यु.प. का। अभातेयुप अपनी शाखा परिषदों के माध्यम से संघ में अपने कर्तृत्व के नए पद चिन्ह अंकित कर रही है। अहमदाबाद-उत्तर परिषद अभातेयुप की नवोदित परिषद है। भाई दिलीप भंसाली इस परिषद के पहले अध्यक्ष बने हैं और उन्हें अपनी टीम के साथ चारित्रात्माओं की सन्निधि में राष्ट्रीय अध्यक्ष से शपथ ग्रहण करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है। साध्वी श्रीजी ने कहा - हमारे युवा साथियों की आंखों में संघ-विकास के सपने होने चाहिए। उनकी हर धड़कन में संघ एवं संघपति के प्रति श्रद्धा व समर्पण का नाद अनुगुंजित होना चाहिए। संघ-सेवा करने का जुनून होना चाहिए। हमने देखा उत्तर तेयुप की नई टीम में उत्साह व जोश है।
साध्वी श्रीजी ने कहा - राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत प्रतिभा संपन्न, चिन्तनशील एवं कर्मठ हैं। पवन हवा की तरह गति करता हुआ अपनी शाखा परिषदों को उत्साहित कर रहा है। हर परिषद को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। हमने देखा पवन जो ठान लेता है, पूरा करके ही दिखलाता है। महामंत्री सौरभ सौम्य स्वभावी एवं नूतन चिंतन वाले है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने कहा- साध्वी अणिमाश्रीजी की सन्निधि में हमेशा ऊर्जा की अनुभूति होती है। साध्वी श्रीजी ने अपनी विशिष्ट शैली से अनेक कार्यकर्ताओं को तैयार किया है, उनमें एक नाम मेरा भी है। उत्तर तेयुप का आज शपथ ग्रहण हुआ है। उत्तर तेयुप के अध्यक्ष दिलीप अपनी टीम के साथ जबरदस्त कार्यक्रम करें। मंत्री विमल बाफना ने कार्यक्रम का संचालन किया। आभार ज्ञापन विशाल पिंचा ने किया।