संस्थाएं
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल संगठन यात्रा 2026 सम्पन्न
परम पूज्य आचार्यश्री महाश्रमणजी के पावन आशीर्वाद एवं कृपादृष्टि तथा साध्वीप्रमुखा श्री विश्रुतविभाजी की प्रेरणा से अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मण्डल द्वारा अप्रैल एवं मई 2026 के दौरान देश एवं नेपाल की 465 शाखाओं की संगठन यात्रा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। राष्ट्रीय अध्यक्षा सुमन नाहटा के मार्गदर्शन में सम्पन्न यह संगठन यात्रा अभातेममं के संगठनात्मक इतिहास में एक उल्लेखनीय एवं सराहनीय प्रयास रही। व्यापक स्तर पर सम्पन्न इस अभियान ने शाखाओं के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करते हुए संगठन और शाखाओं के मध्य समन्वय एवं सहभागिता को नई सुदृढ़ता प्रदान की। इस यात्रा के माध्यम से संगठन की योजनाओं, उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली के प्रति जागरूकता का विस्तार हुआ तथा शाखाओं में सक्रियता, उत्तरदायित्व-बोध और संगठनात्मक प्रतिबद्धता को प्रोत्साहन मिला।
महिला शक्ति को संगठन से और अधिक सशक्त रूप से जोड़ने की दिशा में यह अभियान अत्यंत सार्थक सिद्ध हुआ। देश एवं नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों में सम्पन्न इस संगठन यात्रा ने भावी कार्ययोजनाओं के लिए एक मजबूत आधार निर्मित किया। अभातेममं कार्यसमिति सदस्यों, विशेष आमंत्रित सदस्यों एवं शाखा पदाधिकारियों के समर्पण, सहयोग और सक्रिय सहभागिता से यह महाअभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस सम्पूर्ण प्रक्रिया में अभातेममं की संगठन मंत्री निधि सेखानी का अथक श्रम, सतत समन्वय एवं समर्पित प्रयास विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा, जिन्होंने इस अभियान को सफलतापूर्वक पूर्णता तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मण्डल सभी सहयोगी बहनों के प्रति हार्दिक साधुवाद ज्ञापित करता है, जिनके सामूहिक प्रयासों से यह संगठन यात्रा सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकी।