संस्थाएं
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में 'फिट युवा, हिट युवा' अभियान के अंतर्गत तेरापंथ युवक परिषद, राजाजीनगर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 'योगा से ही होगा 3.0' का भव्य आयोजन प्रेस्टीज वेस्ट वुड अपार्टमेंट, गोपालपुरा, राजाजीनगर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक संगान से हुआ। तेरापंथ सभा राजाजीनगर के पूर्व अध्यक्ष एवं योगा कन्वेनर उत्तमचंद गन्ना ने उपस्थित सकल समाज का स्वागत करते हुए विभिन्न योगासन, सूर्य नमस्कार, कायोत्सर्ग एवं शवासन आदि का अभ्यास करवाया तथा योग से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। तत्पश्चात प्रेक्षा ध्यान प्रशिक्षिका रेणु कोठारी ने प्रेक्षा ध्यान का अभ्यास करवाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसन्ना कुमार (विशेष लोक अभियोजक, सीबीआई) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में उदय शेट्टी (पूर्व अध्यक्ष, प्रेस्टीज वेस्ट वुड), जगदीश (अध्यक्ष, प्रेस्टीज वेस्ट वुड), अश्विन सेमलानी (दक्षिण रेलवे सदस्य) एवं श्रावक समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही। 'योग केवल व्यायाम नहीं, स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की आधारशिला है। इसी संदेश के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।