संस्थाएं
व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आयोजन
तेरापंथ युवक परिषद् अहमदाबाद द्वारा तेरापंथ भवन, शाहीबाग में एक प्रभावशाली व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में सुप्रसिद्ध प्रेरक व्यक्तित्व जयेश मेहता ने अपनी सारगर्भित एवं प्रेरणादायी प्रस्तुति के माध्यम से उपस्थित युवाओं को जीवन में उत्कृष्टता एवं धर्मसंघ के प्रति समर्पण का संदेश प्रदान किया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने GOOD शब्द के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण सूत्रों को अत्यंत सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया। G – गर्व (Pride)- उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने पद, दायित्व एवं अपने धर्मसंघ पर गर्व होना चाहिए। यही गर्व व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा एवं उत्तरदायित्व का बोध कराता है। O – Outstanding Performance- जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का प्रयास ही व्यक्ति को सामान्य से असाधारण बनाता है। निरंतर श्रेष्ठ कार्य करने की भावना ही सफलता की कुंजी है। O – Options- उन्होंने विशेष रूप से बताया कि धर्मसंघ के प्रति हमारी निष्ठा अटूट होनी चाहिए तथा धर्मसंघ के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं हो सकता। संघ सर्वोपरि है और उसके प्रति पूर्ण समर्पण आवश्यक है। D – धर्मसंघ (Dedication towards Sangh)- धर्मसंघ एवं संघ व्यवस्था के प्रति अटूट निष्ठा, समर्पण और विश्वास ही एक सच्चे श्रावक एवं कार्यकर्ता की पहचान है। संघ के साथ और संघ के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता ही व्यक्ति के व्यक्तित्व को ऊँचाइयों तक पहुँचाती है। कार्यशाला में उपस्थित सभी सदस्यों एवं युवाओं ने मुख्य वक्ता के विचारों से प्रेरणा प्राप्त करते हुए अपने जीवन में इन मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। यह आयोजन युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, संगठन के प्रति समर्पण एवं आध्यात्मिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का कुशल संचालन मंत्री हैप्पी भरसारिया ,सह मंत्री -1 अक्षय संकलेचा एवं आभार ज्ञापन सह मंत्री राहुल बोराना ने किया ।