संस्थाएं
श्रद्धा एवं भावनाओं के मध्य मंगल भावना समारोह आयोजित
तेरापंथ भवन, फरीदाबाद में शासन श्री मुनि विमल कुमार जी ठाणा-4 के प्रवचन के उपरांत श्रद्धा एवं भक्ति से ओत-प्रोत मंगल भावना समारोह आयोजित किया गया। समारोह में लगभग 60 से 70 श्रावक-श्राविकाओं ने सहभागिता कर मुनिश्री के मंगल विहार हेतु अपनी मंगलकामनाएँ अर्पित कीं। इस अवसर पर जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा के अध्यक्ष नरेंद्र घोषल, TPF के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय नाहटा, तेरापंथ युवक परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष भरत बेगवानी, अणुव्रत समिति के अध्यक्ष राजेश जैन, सहित अन्य श्रावक-श्राविकाओं ने अपनी मंगल भावनाएँ व्यक्त कीं। इस अवसर पर मुनि धन्य कुमार जी, मुनि अक्षय कुमार जी एवं मुनि मधुर कुमार जी ने भी अपने प्रेरक विचार व्यक्त किए। अंत में शासन श्री मुनि विमल कुमार जी ने अपने मंगल उद्बोधन में फरमाया, 'जो समय का लाभ उठाते हैं, वे मोती प्राप्त करते हैं और जो समय का लाभ नहीं उठा पाते, वे बाद में केवल पछताते हैं।
उन्होंने आगे प्रेरणा देते हुए कहा कि समाज को सुई और धागे की तरह जोड़कर रखें, परस्पर जुड़े रहें और हृदय में सदैव कोमलता बनाए रखें। एकजुटता ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। जो लोग समाज से दूर हो गए हैं या नियमित रूप से नहीं आ पा रहे हैं, उनकी सार-संभाल करते हुए उन्हें प्रेमपूर्वक पुनः समाज से जोड़ने का प्रयास करें। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सभा के सह मंत्री चैनरूप तातेड़ ने किया।