युवा जागरण एवं नशामुक्ति कार्यशाला का आयोजन

संस्थाएं

नई दिल्ली।

युवा जागरण एवं नशामुक्ति कार्यशाला का आयोजन

अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी (ANUVIBHA) द्वारा संचालित एवं अणुव्रत समिति ट्रस्ट दिल्ली द्वारा आयोजित ELEVATE – Experience the Real High अभियान के अंतर्गत एनसीसी मुख्यालय, रोहिणी, दिल्ली में 'आओ ज़िंदगी की बात करें' विषय पर एक विशेष युवा जागरण एवं नशामुक्ति कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक एनसीसी कैडेट्स ने जीवनभर नशामुक्त रहने तथा इस जन-जागरूकता अभियान को अपने विद्यालयों, महाविद्यालयों, परिवारों और समाज तक पहुँचाने का सामूहिक संकल्प लिया। यह कार्यशाला कर्नल गुरप्रीत सिंह, कमांडिंग ऑफिसर, 1 दिल्ली बटालियन एनसीसी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित की गई। इस अवसर पर कर्नल मान सिंह सहित अनेक वरिष्ठ एनसीसी अधिकारी उपस्थित रहे। ELEVATE अभियान के मुख्य वक्ता विक्रम सेठिया ने अपने प्रेरणादायी एवं ऊर्जावान संबोधन से कैडेट्स में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना का संचार किया। उन्होंने कहा कि जीवन का वास्तविक 'Real High' नशे में नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, आत्मचेतना और उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने में है। उनके प्रभावशाली उद्बोधन के उपरांत कर्नल गुरप्रीत सिंह ने उन्हें स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन एवं उत्कृष्ट समन्वय डॉ. कमल जैन सेठिया ने किया, जिसकी उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर अणुव्रत समिति ट्रस्ट, दिल्ली के अध्यक्ष बाबूलाल गोलछा, प्रवीण बैद, मनोज बरमेचा, कमल जैन बैंगानी आदि की उपस्थिति रही।