स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन

संस्थाएं

जयपुर।

स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन

अभातेयुप के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, जयपुर एवं मिलिट्री हॉस्पिटल, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में जेसीबी महिंद्रा सेज, जयपुर परिसर में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानवता की सेवा एवं रक्तदान के प्रति जनजागृति के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। जेसीबी की चार विंग में रक्त संग्रहण का कार्य एसएमएस ब्लड बैंक, मिलिट्री हॉस्पिटल ब्लड बैंक, इटरनल हार्ट केयर हॉस्पिटल ब्लड बैंक एवं आर्य ब्लड बैंक की टीमों के संयुक्त प्रयास से कुल 427 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान जेसीबी महिंद्रा सेज की प्रबंधन टीम का तेरापंथ युवक परिषद, जयपुर की ओर से पचरंगा ओढ़ाकर एवं साहित्य भेंट कर स्वागत-अभिनंदन किया गया।
तेरापंथ युवक परिषद, जयपुर के अध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि रक्तदान शिविर का वातावरण सेवा, समर्पण एवं मानवता के भावों से ओत-प्रोत रहा। परिषद द्वारा आयोजित इस सेवा अभियान में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाकर मानवता के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, जेसीबी महिंद्रा सेज प्रबंधन तथा ब्लड बैंक टीमों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों को नया जीवन प्रदान कर सकता है। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में एमबीडीडी समन्वयक करण नाहटा, संयोजक प्रवीण बोथरा, सहसंयोजक मोहित तातेड़ एवं हर्ष श्यामसुखा का उल्लेखनीय योगदान रहा।