संस्थाएं
श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा एवं तेरापंथ युवक परिषद के समाचार
तेरापंथ युवक परिषद चेन्नई की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह मुनिश्री डॉ. पुलकित कुमारजी एवं मुनि आदित्य कुमारजी के पावन सान्निध्य में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगल मंत्रोच्चार एवं विजय गीत के साथ हुआ। अपने प्रेरक उद्बोधन में पूज्य मुनिश्री ने सेवा, संस्कार एवं संगठन के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए युवा शक्ति को समाज एवं धर्मसंघ के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा प्रदान की। साथ ही उन्होंने समय के सदुपयोग, अनुशासन, समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संदेश दिया। निवर्तमान अध्यक्ष विशाल सुराणा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री कोमल डागा को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। तत्पश्चात अध्यक्ष श्री कोमल डागा ने अपनी कार्यकारिणी, पदाधिकारियों, प्रभारियों एवं कार्यसमिति के सदस्यों की घोषणा करते हुए सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री कोमल डागा ने वर्ष 2026–27 के लिए संगठन के विस्तार, अधिकाधिक युवाओं को परिषद से जोड़ने, सेवा, संस्कार एवं संगठन के विविध आयामों पर प्रभावी कार्य करने तथा प्रत्येक युवा को तेरापंथ युवक परिषद चेन्नई से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया। इस गरिमामयी समारोह में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय महेंद्र नाहटा एवं महासभा के पदाधिकारीगण,जैन विश्व भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय अमरचंद लुंकड़ आदि विशेष एवं गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण सुराणा ने किया।