संस्थाएं
युगप्रधान गणाधिपति आचार्यश्री तुलसी की 30वीं पुण्यतिथि पर विशेष
परम पूज्य गणाधिपति गुरुदेव आचार्य श्री तुलसी के 30वें महाप्रयाण दिवस के पावन अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद, राजाजीनगर के तत्वावधान में श्रद्धा, भक्ति एवं संस्कारों से ओतप्रोत 'एक शाम तुलसी के नाम' धम्म जागरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। धम्म जागरण का शुभारंभ सामूहिक मंगलाचरण से हुआ। तेयुप राजाजीनगर द्वारा संचालित भिक्षु श्रद्धा स्वर समूह द्वारा विजय गीत का सामूहिक संगान किया गया। तेरापंथ युवक परिषद राजाजीनगर के अध्यक्ष राजेश देरासरिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि आचार्य श्री तुलसी का जीवन समर्पण, अनुशासन, नैतिकता एवं मानव कल्याण का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्शों का अनुसरण कर ही समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। भिक्षु श्रद्धा स्वर टीम द्वारा गुरुदेव के गुणगान से ओतप्रोत अनेक भावपूर्ण भजनों, जिनमें 'लाडनूं रो हीरो', 'कैसी वह कोमल काया रे महाप्राण गुरुदेव' सहित अन्य भक्तिमय प्रस्तुतियाँ शामिल थीं, सम्पूर्ण वातावरण को गुरुभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। अशोक गांधी एवं महिला मंडल से रेणु कोठारी ने भी अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ज्ञानशाला के बच्चों द्वारा प्रेरणादायी प्रस्तुतियाँ रहीं। इस अवसर पर सभा अध्यक्ष मदनलाल बोराणा एवं सभा मंत्री चंद्रेश मांडोत ने अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन एवं आभार तेयुप मंत्री जयंतीलाल गांधी ने व्यक्त किया।